
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में ऐसा कोई भी उत्पाद शामिल नहीं किया गया है जिससे भारतीय किसानों को जरा भी नुकसान हो। इससे उन्हें नए अवसर मिलेंगे। भारतीय किसानों को ताकत देने वाले कृषि व डेयरी उत्पाद और मसालों को समझौते से बाहर रखा गया है।
शिवराज सिंह ने कहा कि भारत में किसी भी प्रकार के आनुवंशिक रूप से संशोधित यानी जीएम उत्पादों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह एक बहुत बड़ा निर्णय है। इससे भारतीय कृषि की शुद्धता बनी रहेगी, हमारी मिट्टी और हमारे बीज सुरक्षित रहेंगे।
मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह ने बताया कि सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, चीनी, मोटे अनाज, पोल्ट्री, डेयरी, केले, स्ट्राबेरी, चेरी, खट्टे फल, हरी मटर, काबुली चना, मूंग, तिलहन, इथेनाल, तंबाकू जैसे उत्पादों पर टैरिफ में कोई छूट नहीं दी गई है। यह समझौता 'कमिटमेंट' का है 'कंप्रोमाइज' का नहीं। यह डिप्लोमेसी, डेवलपमेंट और डिग्निटी का एक उत्तम उदाहरण है। डिप्लोमेसी मतलब राष्ट्र प्रथम, डेवलपमेंट यानी विकसित भारत की दिशा में बढ़ते कदम और डिग्निटी मतलब किसानों की गरिमा का पूरा ध्यान रखा गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विपक्ष कितना भी हल्ला मचा ले, पर गहराई से देखें तो महत्वपूर्ण कृषि उत्पाद इस समझौते से बाहर रखे गए हैं। विपक्ष वेंटिलेटर पर चला गया है। वे पीएम मोदी का विरोध करते-करते कई बार देश का विरोध करने लगते हैं। कुछ चीजों को राजनीति से ऊपर रखने की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन विपक्ष का रवैया हर सकारात्मक पहल का विरोध करना हो गया है।
प्रमुख अनाज, प्रमुख फल, हमारे डेयरी उत्पाद भारत में लाने के लिए अमेरिका को अनुमति नहीं दी गई है। छिलका रहित अनाज, आटा, गेहूं, मक्का, चावल, बाजरा, आलू, प्याज, मटर, बीन्स, खीरा, मशरूम, दलहनी उत्पाद, फ्रोजन सब्जियां, संतरे, अंगूर, नींबू, स्ट्राबेरी जैसे अमेरिकी कृषि उत्पाद भारत नहीं आएंगे।
यह भी पढ़ें- 'इसी खराब सड़क से जाइए', ग्रामीणों ने पत्थर रखकर रोका विधायक का रास्ता, सड़क की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
इसके अलावा, मिक्स्ड डिब्बा बंद सब्जियां भी भारत नहीं आएंगी। भारत अमेरिका से काली मिर्च, लौंग, सूखी हरी मिर्च, दालचीनी, धनिया, जीरा, हींग, अदरक, हल्दी, अजवाइन, मेथी, केसिया, सरसों, राई, भूसी और अन्य पाउडर मसाले नहीं मंगवाएगा मतलब हमारे मसाले सुरक्षित हैं।