पांच दिन काम की मांग पर बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल, मैदान में उतरेंगे 8 लाख अधिकारी-कर्मचारी
देशभर के करीब 8 लाख बैंक अधिकारी-कर्मचारी 11 सितंबर को पांच दिवसीय बैंक सप्ताह और पीएलआई योजना के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे। भोपाल में रैल...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 01:40:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 01:40:03 PM (IST)
पांच दिन काम की मांग पर बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल। (नईदुनिया)HighLights
- करीब आठ लाख बैंककर्मी 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे।
- बैंक यूनियंस पांच दिवसीय बैंक सप्ताह लागू करने की मांग।
- कर्मचारी सरकार की पीएलआई योजना का विरोध कर रहे हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर के करीब 8 लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। यह हड़ताल मुख्य रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग (फाइव डे वीक) का वादा पूरा करने और सरकार की एकतरफा पीएलआई (PLI) योजना के विरोध में बुलाई गई है।
इस हड़ताल में फोरम से जुड़े 7 प्रमुख बैंक संगठन (AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF, INBOC) हिस्सा ले रहे हैं। हड़ताल के चलते शुक्रवार को बैंकिंग सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित रहने की संभावना है।
ये हैं बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- बैंक यूनियंस की मुख्य मांगों में लंबे समय से लंबित 'पांच दिवसीय बैंक सप्ताह' लागू करने का वादा निभाना शामिल है। इसके अलावा, कर्मचारी सरकार की पीएलआई योजना को भेदभावपूर्ण मानते हुए इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं।
- यूनियंस की मांग है कि इस योजना को तुरंत वापस लिया जाए या इसके क्रियान्वयन को रोककर द्विपक्षीय वार्ता के जरिए इसमें जरूरी संशोधन किए जाएं। इसके साथ ही, बैंककर्मियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के जल्द समाधान की भी मांग की जा रही है।
भोपाल में होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन, तैयारियां पूरी
- यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, भोपाल के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा के मुताबिक, हड़ताल के लिए जमीन तैयार की जा चुकी है। इससे पहले कर्मचारी ट्विटर अभियान, बैज पहनकर काम करने और विरोध प्रदर्शन जैसे चरणबद्ध कार्यक्रम कर चुके हैं।
- 11 सितंबर 2026 को सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10 बजे भोपाल के महाराणा प्रताप नगर (जोन-1), होशंगाबाद रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (इंदिरा प्रेस कॉम्प्लेक्स शाखा) के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित होंगे। यहां से एक विशाल रैली निकाली जाएगी और सभा के जरिए विरोध दर्ज कराया जाएगा।
रैली में दिखेगा अनुशासन, दो-दो की कतार में चलेंगे बैंककर्मी
- हड़ताल और प्रदर्शन को पूरी तरह से सफल, प्रभावी और अनुशासित बनाने के लिए स्थानीय इकाई ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी संगठनों के पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने बैनर, झंडे और तख्तियों (प्ले कार्ड्स) के साथ रैली में शामिल हों।