
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। भोजशाला मामले में आए फैसले और गोविंदपुरा विवाद के बाद इंटरनेट मीडिया पर विरोध प्रदर्शन की अपीलों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरे दिन हाई अलर्ट पर रहे।
पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुबह से शाम तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की सतर्कता और धार्मिक नेताओं की शांति बनाए रखने की अपील का असर रहा कि शहर में कहीं भी विरोध प्रदर्शन या तनाव की स्थिति नहीं बनी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक हजार पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। इसके अलावा दंगा नियंत्रण बल, क्विक रिस्पांस टीम और मोबाइल यूनिट्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। पुराने शहर में इकबाल मैदान के आसपास सेंसिटिव जोन बनाया गया था।
भवानी चौक, रॉयल मार्केट तिराहा और इकबाल मैदान पर अधिकारियों की टीमें तैनात रहीं, जिसमें डीसीपी स्तर के अधिकारी भी मैदान में रहे। वहीं पुराने शहर में चौक-चौराहों और मस्जिदों के बाहर भी पुलिस का पहरा रहा।
इंटरनेट मीडिया पर इकबाल मैदान में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई थी, लिहाजा वहां पुलिस की घेराबंदी रही। इकबाल मैदान से जुड़ने वाले सभी मार्गों पर पुलिस के प्वाइंट रहे। रेतघाट, कोतवाली रोड, रॉयल मार्केट तिराहा, कोहेफिजा, लालघाटी, शाहजहांनाबाद और भवानी चौक में अधिकारियों की टीम रही। वहीं पुराने शहर के प्रमुख चौराहों पर भी जवान तैनात रहे। दोपहर में ही भोजशाला का फैसला आने के बाद पुलिस ने निगरानी और सख्त कर दी थी।
10 मई को गोविंदपुरा इलाके में एक युवक के साथ कथित लव जिहाद के आरोप में मारपीट और धार्मिक टिप्पणी का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद मुस्लिम समुदाय में नाराजगी बढ़ गई थी। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ था, जिसके बाद रात में पुराने शहर के कुछ इलाकों में विरोध और तनाव की स्थिति बनी थी।
इसी बीच शुक्रवार को नमाज के बाद इकबाल मैदान में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसके अलावा धार के भोजशाला में भी कोर्ट का निर्णय आया था, जिसे लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर थी।
प्रदर्शन की आशंका के बीच पुराने शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लोग एक जगह इकट्ठे न हो सकें इसलिए प्रमुख चौराहों पर पुलिस प्वाइंट लगाए गए हैं। साथ ही गली-मोहल्लों में पेट्रोलिंग की गई। - संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर