भोपाल: सलाहकर बनकर रिटायर्ड कर्मचारी को दिया डालर में निवेश का झांसा, ठगे 6.53 लाख
मुनाफे की उम्मीद में सुरेश गुप्ता ने अपने बेटे और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी रकम ट्रांसफर की। आरोपी बार-बार नई स्कीम बताकर और अधिक निवेश करने का दबाव ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 15 May 2026 10:48:24 PM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 10:52:50 PM (IST)
साइबर अपराध।HighLights
- फोन करने वाले व्यक्ति ने निवेश सलाहकार बताते हुए कहा निवेश करो।
- डालर में अच्छा रिटर्न मिलेगा और फिर मोटा मुनाफा कमाया जा सकेगा।
- शुरुआत में आरोपितों ने भरोसा जीतने के लिए कम रकम निवेश करवाई।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। निशातपुरा क्षेत्र में साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर एक रिटायर्ड कर्मचारी को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। आरोपितों ने डालर में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर बुजुर्ग दंपती से करीब 6 लाख 53 हजार रुपए ठग लिए।
मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार न्यू चौकसे नगर निवासी 64 वर्षीय सुनीता गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है।
उनके पति सुरेश गुप्ता शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हैं। दिसंबर 2025 में सुरेश गुप्ता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से काल आया था।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए कहा कि यदि वे रकम निवेश करेंगे तो डालर में अच्छा रिटर्न मिलेगा और कम समय में मोटा मुनाफा कमाया जा सकेगा।
शुरुआत में आरोपितों ने भरोसा जीतने के लिए कम रकम निवेश करवाई। इसके बाद लगातार अधिक फायदा होने का लालच देकर बड़ी रकम जमा कराते रहे।
मुनाफे की उम्मीद में सुरेश गुप्ता ने अपने बेटे और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी रकम ट्रांसफर की। आरोपी बार-बार नई स्कीम बताकर और अधिक निवेश करने का दबाव बनाता रहा।
काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई रकम वापस नहीं मिली तो दंपती को ठगी का अहसास हुआ।
आरोपितों ने सुनीता गुप्ता के खाते से कुल 6 लाख 53 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए। फिलहाल साइबर पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।