
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रांसपोर्ट नगर में सरकारी जमीन पर एक्सपायर्ड दवाएं जलाने के मामले में प्रशासन हरकत में आ गया है। नवदुनिया की पड़ताल में बायोमेडिकल वेस्ट रूल्स 2016 के उल्लंघन का खुलासा होने के बाद अब जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। सीएमएचओ डा. मनीष शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर मौके पर जाकर यह पता लगाएंगे कि दवाएं किस अस्पताल या एजेंसी की हैं और नियमों के खिलाफ डंपिंग किसने की। दोषियों पर ड्रग एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल आफिसर नीतेश चौरसिया ने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में जलाना गंभीर अपराध है। इसकी जांच के लिए पीसीबी की टीम बना दी गई है। टीम वीकेंड में मौके पर पहुंचकर सैंपल लेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आरटीओ परिसर के पीछे बड़ा 'मेडिकल स्कैम'; खुले में जलाई जा रही हैं एक्सपायर्ड दवाएं, उठ रहा जहरीला धुआं
गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट नगर में चोरी-छिपे बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं जलाई जा रही थीं। इससे निकलने वाले जहरीले धुएं से आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। नियमों के मुताबिक ऐसी दवाओं का निस्तारण सिर्फ अधिकृत प्लांट में ही किया जा सकता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।