भोपाल से ओरछा-चंदेरी के लिए हेली सेवा को मिला बंपर रिस्पॉन्स, आसान बुकिंग, गाइड की भी सुविधा
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई पर्यटन हेली सेवा को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। भोपाल से ओरछा के लिए शुरू हुई हेलिकाप्टर सेवा का बड़ी ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 24 Apr 2026 01:15:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 Apr 2026 01:15:47 PM (IST)
फोटो- मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने हाल ही में हेलिकाप्टर सेवा का शुभारंभ किया था। (फाइल फोटो)HighLights
- हेली सेवा को मिला बंपर रिस्पॉन्स
- पर्यटन को मिल रहा है बढ़ावा
- पीपीपी मॉडल से जोड़ा गया है
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई पर्यटन हेली सेवा को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। भोपाल से ओरछा के लिए शुरू हुई हेलिकाप्टर सेवा का बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपयोग कर सकते हैं। यह हेलिकाप्टर सुबह 9.30 बजे भोपाल से ओरछा के लिए टेकऑफ हो रहा है। दोपहर दो बजे वापस भोपाल आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने हाल ही में ओरछा और चंदेरी तक हेलिकाप्टर सेवा का शुभारंभ भोपाल में किया था। ओरछा के राजा राम का दरबार एवं चंदेरी के ऐतिहासिक स्थल देखने के लिए पर्यटक इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं। भोपाल से ओरछा जाने के लिए छह हजार 500 रुपये किराया है। चंदेरी पहुंचने के लिए पर्यटकों से साढ़े पांच हजार रुपये लिए जा रहे हैं।
बुकिंग आसान, गाइड भी ले सकेंगे
इस सेवा को आसान बनाने के लिए इसे पीपीपी मॉडल से जोड़ा गया है। पर्यटकों को छह सीटों वाले हेलिकॉप्टर से राइड कराया जा रहा है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी एवं फ्लाइओला की वेबसाइट से कराई जा सकती है। गाइड एवं होटल की बुकिंग भी की जा सकती है।
यह सेवा सप्ताह में पांच दिन बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को मिल सकेगी। पर्यटक पैकेज भी ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें 14 हजार 500 रुपये देने होंगे। इस पैकेज में वीआईपी दर्शन, टैक्सी एवं प्रसाद सहित सभी सुविधाएं शामिल है। ओरछा में जांच राइड करने पर साढ़े तीन हजार रुपये लिए जा रहे हैं।