
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही अजनार नदी की सफाई के अभियान में जुटे हैं। जनवरी 2026 में उन्होंने नदी के प्रदूषित हिस्से की सफाई शुरू की थी। इस दौरान उन्होंने पानी से प्लास्टिक की बोतलें, थैलियां और अन्य कचरा निकाला।
हालांकि, लगातार सफाई के बावजूद लोग नदी में कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे आहत बिट्टू ने सफाई के दौरान संक्रमित हुए अपने हाथों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय तक दूषित पानी और कचरे के संपर्क में रहने से उनके हाथों और पैरों में खुजली, दर्द और त्वचा संक्रमण की समस्या हो गई थी। उन्हें इसके लिए नियमित दवाएं भी लेनी पड़ीं। सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने के बावजूद दूषित पानी में उतरने और सफाई के दौरान सीधे कचरे के संपर्क में आने से उनकी सेहत प्रभावित हुई।
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोग उनके प्रयासों की सराहना कर रहे हैं और जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं, नदियों में कचरा फेंकने वालों की उदासीनता पर नाराजगी भी जता रहे हैं। बिट्टू तबाही ने बताया कि पांच दिन पहले उन्हें संक्रमण हुआ था, लेकिन अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
यह भी पढ़ें- सतपुड़ा SDO संजीव शर्मा पर कसा शिकंजा, लोकायुक्त ने वन विभाग को भेजी रिपोर्ट, जारी हो सकता है नोटिस