• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • भोपाल

नई लीडरशिप के साथ बीजेपी का 'मिशन 2028', 66 कमजोर सीटों पर फोकस, भोपाल में एमपी बीजेपी की बड़ी मीटिंग

कोर ग्रुप की बैठक में मिशन 2028 के लिए सामने आ रही चुनौतियों से कैसे निपटा जाए, इस पर विचार मंथन किया गया। तय किया गया कि सरकार के साथ संगठन मिलकर इन ...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: Mohan Kumar
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 12:04:35 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 12:06:45 PM (IST)
नई लीडरशिप के साथ बीजेपी का 'मिशन 2028', 66 कमजोर सीटों पर फोकस, भोपाल में एमपी बीजेपी की बड़ी मीटिंग
मिशन 2028 की चुनौतियों पर भाजपा कोर ग्रुप ने की चर्चा

HighLights

  1. मिशन 2028 की चुनौतियों पर भाजपा कोर ग्रुप ने की चर्चा
  2. सत्ता- संगठन मिलकर बनाएंगे रणनीति - सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की
  3. अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का लक्ष्य रखा

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। बुधवार को भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब, सह प्रभारी रेखा वर्मा, नए प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की मौजूदगी में कोर ग्रुप की पहली बैठक हुई। तीनों नेता नियुक्ति के बाद पहली बार भोपाल प्रवास पर आए हैं। कोर ग्रुप की बैठक में मिशन 2028 के लिए सामने आ रही चुनौतियों से कैसे निपटा जाए, इस पर विचार मंथन किया गया। तय किया गया कि सरकार के साथ संगठन मिलकर इन चुनौतियों का सामना करेगा।

बीजेपी के लिए चुनौती हैं 66 सीटें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए तय किया गया कि आदिवासी क्षेत्रों में सभी मंत्री और पार्टी पदाधिकारी प्रवास बढ़ाएं। कांग्रेस जो भ्रम फैला रही है, उसका जवाब दें। मध्य प्रदेश विधानसभा की लगभग 66 सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा के लिए चुनौतियां अधिक हैं।


इनमें कुछ सीटों में केवल पांच हजार वोटों से भाजपा जीती है या जनसंघ से लेकर अब तक उन सीटों पर भाजपा कम ही चुनाव जीती है। उन सीटों पर प्रदर्शन कैसे ठीक किया जाए, इस पर भी विचार किया गया। संगठन इन क्षेत्रों में प्रभारी बनाकर आगे की तैयारी करेगा। नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

जल्द सभी निकायों में काम आरंभ करेगा संगठन

प्रत्यक्ष प्रणाली से होने वाले चुनाव के लिए संगठन सभी निकायों में काम आरंभ करेगा। नया दायित्व संभालने वाले नेताओं ने दिन में राजधानी में पार्टी के कई वरिष्ठ जनों से मुलाकात की। शाम को प्रदेश भाजपा कार्यालय में इन नेताओं ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात भी की। कोर कमेटी की बैठक में भी सभी के साथ परिचयात्मक औपचारिकता के बाद सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा और सत्ता- संगठन के बीच समन्वय के कई मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, आंध्र प्रदेश के प्रभारी अरविंद भदौरिया, राष्ट्रीय संकुल संयोजक विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, सम्पतिया उईके, सांसद लता वानखेड़े सहित अन्य नेता मौजूद थे।

बैठक आरंभ होने के कुछ देर बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे। गौरतलब है कि डॉ. महेंद्र सिंह पूर्व प्रभारी, पूर्व सह प्रभारी सतीश उपाध्याय का दायित्व बदलने के बाद पहली बार कोर कमेटी की बैठक हो रही है। प्रदेश भाजपा को लगभग आठ महीने बाद पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद के उत्तराधिकारी के रूप में चंद्रशेखर तिवारी मिले हैं।

हमेशा कार्यकर्ता के घर भोजन करता हूं: देब

प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद भोपाल प्रवास पर आए बिप्लव कुमार देब ने कहा कि मैं हमेशा कार्यकर्ता के घर भोजन करता हूं। अमित शाह जी भी अध्यक्ष थे, तब बूथ के कार्यकर्ता के घर जाकर खाना खाते थे। वहीं से हमें भी शिक्षा मिली। मुझे अच्छा लगा प्रदेश अध्यक्ष ने मीना जी के घर भोजन का मौका दिया।

यह भी पढ़ें- MP BJP का नया हाईटेक मुख्यालय लगभग तैयार, ‘संकल्प-समर्पण-सहयोग’ के 3 ब्लॉक; फरवरी 2027 में गृह प्रवेश की तैयारी

दरअसल, प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब ने दलित कार्यकर्ता मीना जाटव के घर भोजन किया। उन्होंने कहा कि मेरी मां का नाम भी मीना है, मेरी मां के नाम वाली महिला के घर भोजन कर रहा हूं, आगे सोचो कैसा होगा। मध्य प्रदेश के साथ मेरा आत्मिक संपर्क रहा है, पार्टी ने मौका दिया आभारी हूं। मध्य प्रदेश मजबूत संगठन के रूप में जाना जाता है, मैं और भी ताकत देने का काम करूंगा।

प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मेरा सौभाग्य है मुझे मध्य प्रदेश राज्य भेजा गया है। कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के लिए काम करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय भी बनाने का काम करेंगे।