
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिले में एक अप्रैल से नए शिक्षण सत्र की शुरूआत होगी, इससे पहले किताब दुकान संचालकों ने फर्जीवाड़ा करना शुरू कर दिया है। वह पहली से 12वीं तक की निजी प्रकाशन की किताबों पर एनसीईआरटी का लोगो लगाकर नाम से बेच रहे थे, जब इसकी शिकायत कलेक्टर द्वारा गठित दल को लगी तो दल ने एमपीनगर स्थित स्नेह बुक सेंटर पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान किताबों को एनसीईआरटी के नाम से बेचने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 किताबों को जब्त किया गया है।
बता दें कि कलेक्टर कौशलेंद्र विकम सिंह ने सभी एसडीएम के नेतृत्व में दल का गठन किया है जो कि शहर में किताब बेचने वाले कारोबारियों की दुकानों का निरीक्षण करने के साथ ही मनमर्जी के दामों में बेचने पर सख्त कार्रवाई भी करेंगे। जानकारी के अनुसार एसडीएम एमपीनगर लक्ष्मीकांत खरे को शनिवार को लिखित में शिकायत मिली थी कि एमपीनगर जोन वन स्थित स्नेह बुक सेंटर के बाहर गोल्डन प्रकाशन एनसीईआरटी बेस्ड का स्टॉल लगाकर अत्यधिक दाम 300 रुपये तक में किताबें बेच रहा है।
इससे एसडीएम ने टीम सहित बुक सेंटर पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि रोहित सिंह नाम का युवक विभिन्न कक्षाओं की किताबें बेच रहा था, जो कि गोल्डन प्रकाशन की थी लेकिन एनसीईआरटी का लोगो लगा रखा था। जांच में यह भी पता चला कि स्नेह बुक सेंटर पर अवैध रूप से एनसीईआरटी के नाम से प्रकाशित करवाकर बेची जा रही थी, जबकि सभी किताबें गोल्डन प्रकाशन की थी। इन किताबों की कीमत एनसीईआरटी के द्वारा प्रकाशित की जाने वाली किताबों से 100 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये की गई थी।
दुकान से एनसीईआरटी के अलावा अन्य निजी पब्लिकेशन की किताबें दुकान से मिली हैं, जिनमें कक्षा एक की मधुर हिंदी व्याकरण, मैथ्स ट्रिक्स, कक्षा दो की माई टॉक्स बुक, कक्षा पांचवती की सोशल सांइस, कक्षा सातवीं की बर्क बुक क्यूरोसिटी, संस्कृतम आदि हैं।
स्नेह बुक सेंटर पर गोल्डन प्रकाशन की पहली से 12वीं कक्षा तक की किताबें बेची जा रहीं थी। इनमें कक्षा एक की सांरगी, जाय फुल मैथमैटिक्स, कक्षा दो की सांरगी मैथमैटिक्स वर्क बुक मृदग, कक्षा तीसरी, चौथी व पांचवी की हिंदी, कक्षा छठवीं की सोशल सांइस, साइंस, मैथ्स, संस्कृत, कक्षा सातवीं की मैथमेटिक्स, सोशल सांइस, कक्षा आठवीं की सांइस, इंग्लिश, सोशल सांइस, मैथमेटिक्स, कक्षा 10वीं हिंदी, संस्कृत, कक्षा 12वीं की हिंदी पोलिटिकल सांइस, इंग्लिश, शामिल हैं।
दुकान पर जांच के दौरान टीम को अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं मिले हैं। दुकानदार ने सिर्फ दो अग्नि सुरक्षा उपकरण रखे थे, जो कि सुरखा की दृष्टि से पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में दुकानदार द्वारा अन्य नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर से ही चल रहा था म्यूल खातों का नेटवर्क, क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 1.41 करोड़ की साइबर ठगी
एमपी नगर में किताबों की मनमानी पर कार्रवाई की गई है।यहां स्नेह बुक डिपो पर एनसीइआरटी की फर्जी किताबें मिली। इन पर नकली लोगो मिला। दाम भी 100 रुपये से बढ़ाकर तीन सौ रुपए अंकित थे। 25 किताबें जब्त की गई हैं। प्रकरण बनाकर कलेक्टर को पेश किया जाएगा। लक्ष्मीकांत खरे, एसडीएम, एमपीनगर।