
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के नीलम पार्क में मध्य प्रदेश शिक्षक वर्ग-2 और वर्ग-3 पद वृद्धि की मांग को लेकर 16 दिनों से अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नीलम पार्क पहुंचे और आंदोलनकारियों से मुलाकात के बाद राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह से फोन पर सीधी बातचीत की।
फोन पर हुई चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभ्यर्थियों की मांगों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत करा दिया गया है। इस विषय पर सहमति बनते ही तय किया गया कि आगामी मंगलवार, 8 सितंबर को वर्ग-2 और वर्ग-3 के प्रतिनिधिमंडल के साथ शिक्षा मंत्री की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह स्वयं अभ्यर्थियों के साथ शामिल होंगे और मांगों के समाधान पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई।
बता दें कि उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2023 के तहत विज्ञापित 8,720 पदों में से पहली काउंसलिंग के माध्यम से महज 2,901 नियुक्तियां ही दी गईं। शेष बचे 5,819 पदों पर प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आई इस भर्ती के कारण कई उम्मीदवार आयु सीमा पार करने के कगार पर हैं।
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती-2025 को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन, पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने सरकार से आग्रह किया है कि बजट सत्र के दौरान मंजूर किए गए 15 हजार शिक्षक पदों के बजट को वर्ग-2 और वर्ग-3 की चल रही भर्ती में ही समायोजित किया जाए। उनका तर्क है कि इन पदों को मौजूदा प्रक्रिया में जोड़ने से न केवल एक नई परीक्षा आयोजित करने में होने वाले सरकारी धन और समय की बचत होगी, बल्कि लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों पात्र उम्मीदवारों को भी तत्काल नियुक्ति मिल सकेगी।