कांग्रेस का 'टैलेंट हंट'... संगठन से जुड़ेंगे गायक, शायर और ढोल बजाने वाले कलाकार, विचारधारा के प्रचार की नई रणनीति
प्रदेश में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत बनाने के साथ कई नवाचार कर रही है। इसी कड़ी में अब एक ऐसी टीम तैयार की जा रही है जो रचनात्मक कामों से जुड़े हैं ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Feb 2026 10:58:58 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Feb 2026 10:58:58 PM (IST)
कांग्रेस का 'टैलेंट हंट'... AI Generated ImageHighLights
- कांग्रेस ने शुरू किया प्रतिभा खोज अभियान, संगठन को मिलेगा नया रूप
- गायक, लेखक और वाद्य यंत्र बजाने वालों को मंच प्रदान करेगी पार्टी
- चुनावी राजनीति से दूर रहने वाले रचनात्मक लोग बनेंगे कांग्रेस का हिस्सा
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत बनाने के साथ कई नवाचार कर रही है। इसी कड़ी में अब एक ऐसी टीम तैयार की जा रही है जो रचनात्मक कामों से जुड़े हैं पर मंच नहीं मिलने के कारण अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। इसमें ढोल, मंजीरे बजाने वाले से लेकर गायक-कलाकार शामिल होंगे। इन्हें प्रदेश स्तर पर संगठन से जोड़कर अवसर दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी ने प्रतिभा खोज अभियान की शुरुआत की है। इसमें कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए हैं, जिनका परीक्षण करके अंतिम रूप दिया जाएगा।
चुनावी राजनीति से इतर प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले का कहना है कि पार्टी की विचारधारा से जुड़े कई ऐसे लोग हैं, जिन्हें चुनाव नहीं लड़ना है। वे चुनावी प्रक्रिया से इतर रहकर संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा रखते हैं। जिला अथवा प्रदेश स्तर पर संगठन को समय दे सकते हैं लेकिन अवसर नहीं मिलता है। ऐसे सभी रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों में संलग्न लोगों को अब पार्टी मंच प्रदान करेगी।
कलाकार, लेखक और शायर बनेंगे संगठन का हिस्सा
कई साथी ऐसे हैं जो गाते बहुत अच्छा हैं तो कुछ वाद्य यंत्र बजाते हैं। कुछ कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कर सकते हैं तो कुछ शायरी, कविता और लेखन कौशल में माहिर होते हैं। कुछ की विशेषज्ञता नारे लिखने की होती है। ऐसे सभी लोगों की टीम बनाई जाएगी और पार्टी के कार्यक्रमों में इन्हें प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा।
इस नवाचार से पार्टी को होने वाले लाभ
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस नवाचार का लाभ यह होगा कि नए लोग जुड़ेंगे। संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में नयापन आएगा। प्रभावी तरीके से पार्टी की बात सामने आएगी। कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने वाले गीत, नारे और लेखों से माहौल बनेगा।