
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। जिले में एलपीजी गैस की बढ़ती खपत के बीच घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी भी जमकर हो रही है। गैस एजेंसियों पर काम करने वाले कर्मचारी उपभोक्ताओं से घरेलू सिलिंडर 1400 रुपये में खरीदकर 2500 रुपये में बेच रहे हैं। इसकी जानकारी खाद्य शाखा की टीम को लगी तो शनिवार को जिंसी इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वाले कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ा है। जिन्होंने पूछताछ में यह खुलासा किया है।
टीम ने दोनों के खिलाफ प्रकरण बनाते हुए वाहन, मोबाइल व सिलिंडर जब्त कर लिया है। इसके अलावा खाद्य विभाग की टीमों ने जवाहर चौक, करोंद सहित अन्य क्षेत्रों में एजेंसियों का निरीक्षण व अवैध रिफिलिंग सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए सिलिंडर जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि जिंसी इलाके में दो लोग घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी में लगे हुए हैं। जिनमें से एक युवक लोगों से चर्चा कर अपने साथी को फोन पर जानकारी देता है और फिर दूसरा युवक सिलिंडर उपलब्ध करवा देता है।
जानकारी मिलने के बाद सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी टीम सहित जिंसी इलाके में पहुंचे और एजेंसियों पर निरीक्षण करने के साथ ही संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। इसी बीच एक युवक फोन पर बातचीत करते हुए और दूसरा युवक दो पहिया वाहन से सिलिंडर लेकर पहुंचा। यह देखते ही टीम ने दोनों को पकड़कर सिलिंडर के बारे में पूछताछ शुरू कर दी, इस पर उन्होंने अपनी पहचान बरखेड़ी जहांगीराबाद निवासी सलमान खान व शालिक कुरैशी के रूप में बताई है।
उन्होंने बताया कि वह एजेंसियों पर लाइन में लगकर सिलिंडर खरीदने वाले उपभोक्ताओं से एक हजार 400 रुपये में घरेलू सिलिंडर खरीदते थे और फिर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा पर ढाई हजार रुपये में सिलिंडर बेचकर एक हजार का मुनाफा कमाते थे। दोनों ही युवक गैस एजेंसी पर सिलिंडर आपूर्ति करने का काम करते हैं, ऐसे में मौके का फायदा उठाते हुए उन्होंने कालाबाजारी शुरू कर दी थी।
खाद्य विभाग की टीम ने सलमान व शालिक के मोबाइल जब्त किए हैं और तलाशी ली तो उसमें सिलिंडर की कालाबाजारी संबंधी अनेक मैसेज मिले हैं। सलमान खान उपभोक्ताओं से सिलिंडर खरीदने का काम करता था और शालिक अधिक दाम में बेचने के लिए ग्राहक तलाशता था। ऐसे में वह कई दिनों से सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहे थे ,उनके मोबाइल से अन्य जानकारी भी टीम को हासिल होने की उम्मीद है।
खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को घोड़नक्कास क्षेत्र में अल कैटरिंग और कैटरिंग संचालक अब्दुल रहमान के घर व दुकान से कुल 58 सिलिंडर बरामद किए हैं।टीम को घर से 15 घरेलू, नौ व्यावसायिक और चार पांच छोटे सहित कुल 28 सिलिंडर मिले हैं। तो वहीं दुकान से 12 व्यावसायिक, 18 छोटे पांच किलोग्राम क्षमता वाले सहित कुल 39 सिलिंडर मिले हैं।कैटरिंग संचालक अब्दुल रहमान पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर की सराफा चौपाटी में घरेलू सिलिंडर से बन रहे व्यंजन, दुकानें बढ़कर पहुंची 150
खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार रात को करोंद क्षेत्र के पीपल चौराहा स्थित संजय जैन व सुजीत जैन की दुकान से दो भरे सहित कुल सात घरेलू सिलिंडर जब्त किए हैं। कारोबारी बड़े सिलिंडर से पांच किलोग्राम के सिलिंडर में गैस भरकर 500 रुपये में बेच रहे थे। वहीं जवाहर चौक स्थित एवन इलेक्ट्रिकल्स के संचालक शाहिद से तीन घरेलू सिलिंडर एक लोकल गैस सिलिंडर चार पीतल बंसी जब्त की गई है। खाद्य विभाग ने दोनों मामलों में दुकानदारों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया है।