भोपाल में नल से निकला मरा हुआ केंचुआ, पानी की शुद्धता पर उठे सवाल; नगर निगम के स्वच्छता दावों की खुली पोल
राजधानी में गंदे पानी की सप्लाई का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक नौ स्थित माडल ग्राउंड क्षेत्र में नल से आ रहे पानी में गंदगी के साथ मरा हुआ केंचु ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Mar 2026 09:38:51 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Mar 2026 09:38:50 PM (IST)
भोपाल में नल से निकला मरा हुआ केंचुआ( एआई फोटो) नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के दावों के बीच गंदे पानी की सप्लाई का मामला सामने आया है। पुराने शहर के वार्ड क्रमांक नौ स्थित माडल ग्राउंड क्षेत्र में नल से आ रहे पानी में गंदगी के साथ मरा हुआ केंचुआ मिलने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम की पाइपलाइन से आने वाला पानी पीने लायक नहीं है। उनका आरोप है कि इस तरह का दूषित पानी लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है।
एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष ने साझा किया वीडियो
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें पानी में मरा हुआ केंचुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन लंबे समय से खुली और क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं। जांच के दौरान पाइपलाइन में गंदगी और मृत केंचुए पाए गए।
मोहसिन अली खान ने यह भी कहा कि पेयजल टंकियों की महीनों से सफाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भोपाल में भी इंदौर जैसी जलजनित त्रासदी की स्थिति बन सकती है।
निगम आयुक्त को लिखा पत्र
मोहसिन अली खान ने बताया कि इस संबंध में पहले भी नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि खुले नालों और सीवेज के कारण दूषित पानी की सप्लाई लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है।