
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश वन विभाग के एसडीओ संजीव शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस की छापेमारी में मिले सोने के आभूषण में हीरा भी जड़ा हुआ है। भोपाल में लोकायुक्त कार्यालय में एसडीओ संजीव की उपस्थिति में विशेषज्ञों से कराए गए मूल्यांकन में सभी आभूषणों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। इनमें 18 और 22 कैरेट का सोना शामिल है। संपत्ति को लेकर लोकायुक्त पुलिस ने संजीव से दो घंटे पूछताछ भी की।
गत 14 नवंबर को लोकायुक्त पुलिस ने संजीव शर्मा के पचमढ़ी स्थित शासकीय आवास और छिंदवाड़ा के प्रोफेसर कालोनी स्थित निजी मकान पर एक साथ छापा मारा था। उस समय प्रारंभिक जांच में करीब 7.60 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला था। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 560 प्रतिशत अधिक बताई गई थी। तलाशी में ढाई किलो से अधिक सोने के आभूषण, डेढ़ किलो से अधिक चांदी और जमीन-जायदाद से जुड़े 28 दस्तावेज मिले थे।
बता दें कि संजीव शर्मा ने वर्ष 2001 में पेंच टाइगर रिजर्व में रेंजर के रूप में नौकरी शुरू की थी। इसके बाद करीब दो साल तक कान्हा नेशनल पार्क में कार्यरत रहे। वहां से उनका तबादला पचमढ़ी हुआ। पचमढ़ी में रेंजर रहते हुए पदोन्नति मिलने पर एसडीओ बने। उनका अधिकांश सेवाकाल पचमढ़ी क्षेत्र में ही बीता है।
लोकायुक्त अब संजीव की सेवा अवधि के दौरान उनकी अलग-अलग स्थानों पर रही पदस्थापना का रिकार्ड खंगालेगा। उन सभी स्थानों पर राजस्व विभाग से जानकारी मांगी जाएगी, जहां वह कार्यरत रहे हैं। इसमें उनके और परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदी गई अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 78 गांव के किसानों ने जलाया भोपाल मास्टर प्लान-2047 का नक्शा, बोले- नहीं छिनने देंगे जमीन का हक
इसके अलावा विभिन्न बैंकों से उनके और परिवार के सदस्यों के खातों, जमा राशि और लेनदेन का विवरण भी मांगा जा रहा है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि संपत्तियां खरीदने के लिए धन कहां से आया और उसका उनकी ज्ञात आय से कितना संबंध है।