
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। वैशाली नगर में नल के पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के मामले ने नगर निगम की पेयजल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर रहवासी की ओर से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की स्टेट रिसर्च लैब में कराई गई दो जांचों में बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई है।
वहीं, दूसरी ओर नगर निगम अपनी जांच में पानी को स्वच्छ बता रहा है। मंगलवार को कांग्रेस पार्षदों और रहवासियों ने कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात कर मामले की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, स्थानीय रहवासी विवेक राय ने अपने स्तर पर पानी के नमूने जांच के लिए भेजे थे, जिसकी रिपोर्ट में कोलार लाइन से सप्लाई होने वाले पानी में ई-कोलाई मिलने का दावा किया गया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान सहित अन्य पार्षदों ने संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने सवाल उठाया कि दूषित पानी पेयजल लाइन तक कैसे पहुंचा और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने पूरे जल वितरण तंत्र की उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- 'धनकुबेर' SDO संजीव शर्मा के पास मिले हीरे जड़ित आभूषण, 3 करोड़ आंकी गई कीमत, लोकायुक्त ने की पूछताछ
इधर, नगर निगम ने अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने अधिकारियों के साथ वैशाली नगर में निरीक्षण किया था। इस दौरान लिए गए नमूनों के भौतिक परीक्षण में पानी स्वच्छ मिला और दुर्गंध भी नहीं पाई गई।
नगर निगम द्वारा वैशाली नगर में साफ और स्वच्छ पीने योग्य पानी प्रदान किया जा रहा है।- किशन सूर्यवंशी, अध्यक्ष, नगर निगम परिषद