
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिल्ली से नागपुर के रास्ते कर्नाटक तक 970 ग्राम क्रिस्टल एमडी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु के मैकेनिकल इंजीनियर को कुरियर ब्वाय बनाया गया था। गोविंदपुरा पुलिस की गिरफ्त में आए विशाख एएन ने पूछताछ में बताया कि वह कर्नाटक के एक ड्रग तस्कर के लिए काम कर रहा था। उसे दिल्ली से नशे की खेप लाकर वापस कर्नाटक तक पहुंचानी थी।
वहां से आगे की डिलीवरी और मुख्य तस्कर से मिलने की योजना थी। इस काम के बदले उसे कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 19 नवंबर तक की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार विशाख ने बताया कि वह इससे पहले भी तीन बार दिल्ली से नशे की खेप ला चुका है। इस बार भी दिल्ली में एक व्यक्ति ने उसे तीन थर्मस दिए थे। इनके भीतर पालीथिन में छिपाकर 970 ग्राम क्रिस्टल एमडी रखी गई थी। उसे बस से नागपुर पहुंचना था और वहां से कर्नाटक जाना था, जहां मुख्य ड्रग तस्कर उससे मिलता। खेप सौंपने के बाद उसे बाकी रकम मिलनी थी।
यह भी पढ़ें- गुना भाजपा विधायक पन्नालाल का विवादित बयान, बोले- देश में कोई आदिवासी नहीं; कुछ लोग समाज को तोड़ रहे
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि कुरियर के रूप में काम करने के लिए उसे एडवांस में कुछ रकम दी गई थी। बाकी भुगतान खेप तय जगह पर पहुंचाने के बाद होना था। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें दिल्ली आने-जाने की तीन यात्राओं के टिकट मिले हैं। इन टिकटों से पुलिस को उसके पहले के दौरों और संभावित तस्करी की गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।