शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण चुकाने की डेडलाइन खत्म होने से किसान परेशान, सीएम मोहन यादव को जीतू पटवारी ने लिखी चिट्ठी
किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर खरीफ फसल के लिए दिए गए कृषि ऋण के भुगतान की समय सीमा 28 मार्च को समाप्त हो गई है। ऐसा होने पर किसान परेशान हैं, क्यो ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 29 Mar 2026 11:29:28 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Mar 2026 11:30:10 AM (IST)
कृषि ऋण चुकाने की डेडलाइन खत्म होने से किसान परेशान (फाइल फोटो)HighLights
- शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण चुकाने की डेडलाइन खत्म
- समय सीमा बढ़ाने पर नहीं बनी कैबिनेट में सहमति
- इसको लेकर सीएम मोहन यादव को जीतू पटवारी ने चिट्ठी लिखी
राज्य ब्यूरो, नवदुनिया, भोपाल। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर खरीफ फसल के लिए दिए गए कृषि ऋण के भुगतान की समय सीमा 28 मार्च को समाप्त हो गई है। सरकार इसे आगे बढ़ाने को लेकर फैसला नहीं ले पाई है। हाल ही में कैबिनेट में भी यह विषय आया पर सहमति नहीं बन पाई।
उधर, किसानों का कहना है कि अभी रबी की फसल नहीं आई है। ऐसे में तारीख 30 अप्रैल तक बढ़ाई जानी चाहिए। कर्ज नहीं चुकाने की स्थिति में खरीफ सीजन के लिए उन्हें खाद-बीज नहीं मिल पाएगा।
सीएम मोहन यादव को जीतू पटवारी ने लिखी चिट्ठी
समय सीमा आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को पत्र लिखा है। साथ ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मांग कर चुके हैं। भारतीय किसान संघ और अन्य किसान संगठनों ने भी ऋण चुकाने की तारीख 30 अप्रैल करने की मांग की है।
कुछ जिलों में बैंकों की तरफ से किसानों को कर्ज चुकाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। दरअसल, किसानों को उम्मीद थी कि पिछले वर्षों की तरह सरकार निर्धारित समय सीमा में वृद्धि कर सकती है, पर निर्णय नहीं होने से वे असमंजस में है। अभी भी उन्हें उम्मीद है कि समय बीतने के बाद भी सरकार समय सीमा में वृद्धि का निर्णय लेसकती है।
राज्य सरकार पर बढ़ सकता है अतिरिक्त बोझ
सूत्रों ने बताया कि समय अवधि बढ़ने पर इसमें केंद्र से प्राप्त होने वाली सब्सिडी नहीं मिल पाएगी। ऐसे में राज्य सरकार पर करीब 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा। उधर, अवधि नहीं बढ़ती तो कर्ज लेने वाले किसान को दो लाख के कर्ज पर लगभग 36 हजार रुपये ब्याज देना पड़ेगा।