
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मेरे पिता मुझे पढ़ाई नहीं करने दे रहे हैं, मैंने संस्थाओं में रहकर आठवीं तक की पढ़ाई पूरी की है। अब वह पढ़ाई नहीं करवाना चाहते हैं लेकिन मैं पढ़ाई करना चाहती हूं। ऐसे में मुझे शासकीय नवीन कन्या छात्रावास में प्रवेश दिलाया जाए। यह गुहार कमलानगर इलाके में रहने वाली एक छात्रा ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान आवेदन देते हुए कलेक्टर से लगाई है। छात्रा की गुहार सुनते हुए एडीएम ने मामला पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया है। इसके अलावा अतिक्रमण, ठगी सहित करीब 103 शिकायतें कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंची, जिन्हें अधिकारियों ने संबंधित विभाग को निराकरण के लिए भेज दी है।
कमलानगर के न्यू शबरी नगर इलाके में रहने वाली एक 16 वर्षीय छात्रा ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि वह पढ़ाई करना चाहती है लेकिन पिता पढ़ाना नहीं चाहते हैं। वह शासकीय नवीन कन्या स्कूल में आठवीं कक्षा में फेल हो गई थी, तो पिता ने मुझे पेपर नहीं देने दिया था। इससे वह बालिका गृह गई और आठवीं कक्षा के पेपर दिए थे, जिससे वह पास हो गई है। अब आगे पढ़ाई करना चाहती हूं तो पिता गाली-गलौज कर मारपीट करते थे, इस वजह से अलग-अलग संस्थाओं में रहना पड़ा था। अब संस्था से निकल चुकी हूं और पढ़ाई करना चाहती हूं लेकिन पिता विरोध कर रहे हैं। ऐसे में मुझे शासकीय नवीन कन्या छात्रावास में प्रवेश दिलाया जाए।
अतिक्रमणों की शिकायतों को अनसुना कर रहे अधिकारी इंद्रपुरी भेल के रहने वाले धीवेंद्र यादव ने शिकायत करते हुए बताया कि बीडीए एमआइजी फ्लैट नंबर 27 द्वारा करीब 1600 वर्गफीट में अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसकी नगर निगम में शिकायत की थी, तो 14 मार्च को अमला कार्रवाई करने आया था। अतिक्रमणकारी द्वारा अधिकारियों से चर्चा की गई तो अमला बिना कार्रवाई के वापस लौट गया। वहीं तहसील हुजूर की ग्राम पंचायत अगरिया के गांव कालापीपल के रहवासियों ने शिकायत की है कि सरपंच सुनील कुमार व उपसरपंच सर्जन सिंह ठाकुर द्वारा अवैध रूप से मुक्तिधाम के लिए आरक्षित भूमि पर खुदाई कराई जा रही है। इतना ही नहीं मिट्टी को बेचकर आर्थिक लाभ लिया जा रहा है।
आम रास्ते से हटाई जाए शराब दुकान ईंटखेड़ी सहित अन्य गांव के रहवासियों ने शिकायत करते हुए बताया कि मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकान को नये वित्तीय वर्ष में हटाया जाना चाहिए। शराब दुकान की वजह से भैंरोपुरा, ईंटखेड़ी, रासलाखेड़ी, अगरिया, कल्याणपुरा, खामखेड़ा सहित अन्य गांव के रहवासियों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों वारदातें होने के बाद से महिलाओं व बच्चों को निकलने में डर लगता है। यदि समय रहते शराब दुकान नहीं हटाई गई तो आंदोलन करेंगे। वहीं सेमरा चांदबड़ की शराब दुकान नये साल में नहीं हटाए जाने पर रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें- MP में 1 अप्रैल से 'स्कूल चलें हम' अभियान का शंखनाद... CM मोहन यादव करेंगे शुरुआत, 85 लाख बच्चों का होगा स्वागत
पुलिस गृह निर्माण संस्था में भ्रष्टाचार संजीव नगर सोसाइटी के सदस्य व रहवासियों ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि भोपाल पुलिस कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित के पूर्व अध्यक्ष लखविंदर सिंह व उनकी पत्नी हरबंस कौर द्वारा अपने कार्यकाल में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं व भ्रष्टाचार किए हैं। जिनकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं और नए संचालक मंडल को चार्ज नहीं दिया जा रहा है। जिसको लेकर उपायुक्त सहकारिता आरएस विश्वकर्मा को शिकायत की गई है लेकिन उनके द्वारा कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। इस तरह सोसाइटी में हुए भ्रष्टाचार को छुपाया जा रहा है, जिसकी जांच करवा कर कार्रवाई की जानी चाहिए।