MPPSC Result 2024: पिता मैकेनिक थे, बेटी ने इंजीनियर बनकर बड़ी की लकीर, अब डीएसपी बनेगी, पढ़ें सक्सेस स्टोरी
MPPSC Result 2024: मुस्कान ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा में 23वां स्थान हासिल किया है। राज्य पुलिस सेवा की रैंकिंग में उसका स्थान 10वां है। कस्बे के एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार की मुस्कान शुरू से ही मेधावी रही है। मुस्कान के पिता मोहन सोनी मैकेनिक हैं। मां ज्योति सोनी गृहिणी है।
Publish Date: Sun, 14 Sep 2025 10:23:47 PM (IST)
Updated Date: Sun, 14 Sep 2025 10:23:47 PM (IST)
MPPSC Result 2024: मां ज्योति एवं पिता मोहन सोनी के साथ।HighLights
- एमपी राज्य सेवा परीक्षा में बैरागढ़ की मुस्कान सोनी ने हासिल किया 23वां स्थान
- बेटी के सपनों को पूरा करने पूरे परिवार ने की तपस्या ताकि पढ़ने का माहौल मिले
- कस्बे के एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार की मुस्कान शुरू से ही मेधावी रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) निवासी मुस्कान सोनी ने साबित कर दिया है कि संकल्प को परिवार का प्रोत्साहन मिले तो सफलता मिलकर रहती है। पिता मोटर मैकेनिक थे तो बेटी ने इंजीनियरिंग की राह चुनी। इंजीनियर बनी तो समझ में आया कि उसे कुछ ऐसा करना है जिसका असर समाज पर भी पड़े। उसने राज्य सेवा परीक्षा की राह चुनी। अब मुस्कान का चयन उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर हुआ है।
राज्य सेवा परीक्षा में 23वां स्थान हासिल किया
- मुस्कान ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा में 23वां स्थान हासिल किया है। राज्य पुलिस सेवा की रैंकिंग में उसका स्थान 10वां है। कस्बे के एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार की मुस्कान शुरू से ही मेधावी रही है। मुस्कान के पिता मोहन सोनी मैकेनिक हैं। मां ज्योति सोनी गृहिणी है।
मध्यम वर्गीय परिवार के बावजूद माता, पिता ने मुस्कान की प्रतिभा को हमेशा प्रोत्साहित किया। उसकी प्रारंभिक शिक्षा साधु वासवानी स्कूल में हुई। वहां उसने 12वीं की प्रावीण्य सूची में अपना नाम दर्ज कराया था। बाद में उसने एमएसीटी से इंजीनियरिंग की। कुछ समय गुजरात की एक कंपनी में टीसीजी इंजीनियर के रूप में काम किया लेकिन उसकी इच्छा लोक सेवा की थी। उसने राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा की राह चुनी।
इस साल उसकी मेहनत सफल रही और उसे मुकाम मिल गया। मुस्कान के डीएसपी बनने की खबर से मां ज्योति, पिता मोहन सोनी, बहन महक, राधिका एवं भाई कमलेश सोनी बहुत खुश हैं। उनके परिवार का वह सपना पूरा हुआ है जो कभी मुस्कान की आंखों में उतरा था।