पशुपालकों के लिए अच्छी खबर: मप्र में 27 अक्टूबर से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता, मिलेगा ₹1 लाख तक का इनाम
मध्यप्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकेंगे और सर्वाधिक दूध देने वाली गायों के पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 12:28:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 12:28:21 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटोHighLights
- 208 वृंदावन ग्रामों में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता
- 27 से 31 अक्टूबर तक प्रतियोगिता का आयोजन होगा
- 25 हजार से 1 लाख रुपये तक का इनाम जीतने का मौका
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर तक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता होगी। इसमें सर्वाधिक दूध देने वाली गायों के पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये का होगा।
सभी पशुपालकों को मौका
प्रतियोगिता में सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकेंगे। इसका उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाना, पशुपालकों की आय में वृद्धि करना एवं गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी और निवाड़ी सहित उन्नत देसी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के संचालन के लिए विकासखंड और जिला स्तर पर समितियां गठित की गई हैं। वर्ष 2027-28 से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है।
गाेवर्धन पूजा पर मिलेंगे पुरस्कार
विजेताओं को हर वर्ष गोवर्धन पूजा पर पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार राशि का उपयोग केवल शत-प्रतिशत देसी गोवंश की खरीद, संरक्षण और संवर्धन के लिए किया जा सकेगा।