कैंसर मरीजों को बड़ी राहत, भोपाल के हमीदिया अस्पताल में 25 करोड़ की मशीन से होगा इलाज
राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया (जीएमसी) में पिछले लंबे समय से रेडिएशन (सिकाई) की सुविधा न होने से परेशान कैंसर मरीजों का इंतजार अब खत्म ह ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Mar 2026 09:59:44 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Mar 2026 09:59:43 PM (IST)
हमीदिया अस्पताल में 25 करोड़ की हाईटेक मशीन। (एआई से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- भोपाल में कैंसर मरीजों को बड़ी राहत।
- हमीदिया अस्पताल में मशीन से होगा इलाज।
- इससे कैंसर मरीजों को मिलेंगे ये फायदे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया (जीएमसी) में पिछले लंबे समय से रेडिएशन (सिकाई) की सुविधा न होने से परेशान कैंसर मरीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने घोषणा की है कि जीएमसी के लिए अत्याधुनिक डुअल लीनेक मशीन का ऑर्डर जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।
मरीजों की मजबूरी और भारी खर्च से मिलेगी राहत
फिलहाल हमीदिया अस्पताल में हर महीने करीब 1500 कैंसर मरीज उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन अस्पताल की पुरानी मशीनें खराब होने के कारण उन्हें सिर्फ सलाह देकर लौटा दिया जाता है।
मजबूरी में इन मरीजों को एम्स भोपाल जाना पड़ता है जहां लंबी वेटिंग है, या फिर निजी अस्पतालों में 1.5 से दो लाख रुपए खर्च करने पड़ते हैं। गरीब परिवारों के लिए यह खर्च उठाना नामुमकिन सा था।
अटके बजट से निकलेगा नई मशीन का रास्ता
अस्पताल के पास एक पुराने प्रोजेक्ट (रेस्पिरेट्री इंस्टीट्यूट) का बजट रखा हुआ है, जो एनओसी न मिलने के कारण अटका था। अब सरकार उसी बजट का इस्तेमाल इस 25 करोड़ की मशीन को खरीदने में करेगी।
जीएमसी की डीन डॉ. कविता एन. सिंह ने बताया कि अस्पताल में रेडिएशन के लिए 'बंकर' (विशेष कमरा) बनकर तैयार है। यह तीन मीटर मोटी कंक्रीट की दीवारों से बना है। आने वाली नई मशीन इतनी आधुनिक है कि यह शरीर के स्वस्थ अंगों को नुकसान पहुंचाए बिना सीधे कैंसर वाली जगह पर ही प्रहार करेगी।
कैंसर मरीजों को ये होगा फायदा
- निजी अस्पतालों में होने वाला लाखों का खर्च बचेगा।
- 25 करोड़ की मशीन से सिकाई अधिक प्रभावी और सुरक्षित होगी।
- अब सर्जरी के बाद रेडिएशन के लिए दूसरे अस्पताल नहीं दौड़ना पड़ेगा।
- मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी आधुनिक मशीनों पर सीखने का मौका मिलेगा।