भोपाल में होटल का वेटर निकला 'एलईडी चोर', नौकरी शुरू करते ही 14 दिन में उड़ा लीं 6 टीवी
एमपीनगर स्थित आर्ना पैलेस होटल में काम करने वाला एक वेटर कमरों में लगी एलईडी टीवी चुराकर ले जा रहा था। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 10:44:29 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 10:44:29 PM (IST)
वेटर निकला 'एलईडी चोर' नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एमपीनगर स्थित आर्ना पैलेस होटल में काम करने वाला एक वेटर कमरों में लगी एलईडी टीवी चुराकर ले जा रहा था। उसने नौकरी ज्वाइन करने के अगले दिन से ही चोरी शुरू कर दी थी और दो सप्ताह के भीतर होटल से छह टीवी चुरा लीं।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार आरोपित चोरी की गई टीवी अपने दोस्त के कमरे में छिपाकर रखता था और उन्हें बेचने की फिराक में था। होटल प्रबंधन को जब टीवी गायब होने की जानकारी मिली तो मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
पुलिस ने क्या कहा
एमपीनगर पुलिस के अनुसार होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत देवराज सूर्यवंशी ने 10 मार्च को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले महेंद्र सेन नामक युवक ने होटल में वेटर की नौकरी शुरू की थी और उसी पर टीवी चोरी करने का संदेह था।
कमरों से टीवी ले जाते हुए दिखाई दिया
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें महेंद्र सेन कमरों से टीवी ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उससे चोरी की गई छह एलईडी टीवी भी बरामद कर ली गईं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।