भोपाल में ₹28 करोड़ की अवैध कॉलोनियां जमींदोज; 10-लेन सड़क के रास्ते में आ रहे 12 पक्के निर्माणों को भी ढहाया
बरखेड़ा नाथू, कलखेड़ा और बिलखिरिया इलाके में भूमाफिया द्वारा 28 करोड़ कीमत की जमीन पर अवैध कॉलोनियां पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की। इसके ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 26 Jun 2026 12:01:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 26 Jun 2026 12:01:27 PM (IST)
जिस जमीन पर अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी, उसकी अनुमानित कीमत करीब 28 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सौ- प्रशासनHighLights
- 28 करोड़ की कार्रवाई: बरखेड़ा नाथू, कलखेड़ा और बिलखिरिया में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला
- सड़क परियोजना को राहत: 10 लेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे 12 पक्के निर्माण हटाए गए
- अभियान जारी: 10 दिनों में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को बरखेड़ा नाथू, कलखेड़ा और बिलखिरिया क्षेत्र में करीब 28 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया। इसके साथ ही 10 लेन सड़क परियोजना में बाधा बन रहे 12 पक्के निर्माण भी हटाए गए।
प्रशासन को इन क्षेत्रों में बिना अनुमति खेती की जमीन पर कॉलोनियां विकसित कर प्लॉट बेचने की शिकायतें मिली थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित कॉलोनाइजरों को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन अनुमति संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
बरखेड़ा नाथू: अनीता सिंह द्वारा लगभग 0.2309 हेक्टेयर भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनी।
कलखेड़ा: हरीश पटेल द्वारा लगभग 2 एकड़ भूमि पर विकसित कॉलोनी।
बिलखिरिया: देशराज प्रजापति द्वारा 4 एकड़ तथा कान्हा फार्म के नाम से करीब 15 एकड़ भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनियों की सड़कें, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण ध्वस्त किए गए।
10 लेन सड़क परियोजना को मिली रफ्तार
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम बिलखिरिया कलां स्थित सड़क अधिग्रहण क्षेत्र से 12 पक्के निर्माण, जिनमें 6 मकान और बाउंड्रीवाल शामिल हैं, हटाए गए। प्रशासन के अनुसार शासकीय भूमि पर हुए इन अतिक्रमणों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये है।
पिछले 10 दिनों में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों की सड़कों और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया है।अवैध कॉलोनियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- विनोद सोनकिया, एसडीएम, हुजूर