
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर में डेयरी की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित अवैध बूचड़खाने का गुरुवार देर रात खुलासा हुआ। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से गौमांस, एक गाय का धड़ और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
कमल नगर निवासी अजीज, उसका बेटा आसिफ और दामाद जुबैर अवैध अतिक्रमण वाली जमीन पर डेयरी संचालित कर रहे थे। आरोप है कि इसी डेयरी की आड़ में अवैध रूप से गोकशी की जाती थी। गुरुवार रात करीब 12 बजे विहिप और बजरंग दल के लगभग 20 कार्यकर्ता वहां पहुंचे और दबिश दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
विहिप के पदाधिकारी अभिषेक शर्मा का आरोप है कि गोकशी के बाद गायों की हड्डियां पास के खेत में गाड़ दी जाती थीं ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। मौके से हड्डियां खोदने और गाड़ने में इस्तेमाल होने वाले सब्बल सहित अन्य औजार भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र निवासी सतेंद्र ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में उसकी चार गायें चोरी हुई थीं। उनका आरोप है कि इन्हीं आरोपितों ने गायों की हत्या कर मांस बेच दिया। उन्होंने निशातपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बरामद गाय को अपनी बताया है। सतेंद्र का कहना है कि इलाके में कई अन्य लोगों के मवेशी भी लगातार चोरी हो रहे हैं।
घटना के बाद विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने निशातपुरा थाने का घेराव कर आरोपितों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने और फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में डेयरी के लिए अतिक्रमण किए जाने की जानकारी मिली है, जिसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच होगी कि गायें कहां से लाई जाती थीं और गौमांस की आपूर्ति किन लोगों तक की जाती थी।