
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने और रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे द्वारा भोपाल मंडल में स्वदेशी 'कवच' प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया जारी है। मंडल के 287 इलेक्ट्रिक इंजनों में से अब तक 155 इंजनों में कवच डिवाइस लगाई जा चुकी है, जबकि ट्रैक और स्टेशनों से जुड़े बुनियादी ढांचे का कार्य अभी शुरुआती चरण में चल रहा है।
भोपाल मंडल में इंजनों पर उपकरण लगाने का काम आधे से अधिक पूरा हो चुका है, लेकिन प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय करने के लिए ट्रैक और स्टेशनों पर आवश्यक उपकरणों की स्थापना, संचार व्यवस्था, परीक्षण और कमिशनिंग अनिवार्य है।
भोपाल-इटारसी के 248 किलोमीटर रेलखंड, 31 स्टेशनों और 58 लेवल क्रॉसिंग पर 148.44 करोड़ रुपये की लागत से कवच प्रणाली लगाई जानी है। इटारसी रेल सेक्शन में संचार टावर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है, हालांकि वन क्षेत्र से संबंधित अनुमति मिलने में हो रही देरी के कारण परियोजना की गति प्रभावित हो रही है।
इटारसी-खंडवा और बीना-रुठियाई के 355 रूट किलोमीटर पर 151.41 करोड़ रुपये से कवच 4.0 लगाया जाएगा। ठेका केर्नेक्स-केईसी कंसोर्टियम को मिला है। सर्वे पूरा हो चुका है और टावर व स्टेशन उपकरण लगाने का काम जारी है। मक्सी-रुठियाई-गुना-ग्वालियर के 422 रूट किलोमीटर पर भी विस्तार प्रस्तावित है।
कवच स्थापना में भोपाल मंडल, रतलाम से पीछे है। रतलाम मंडल के 154 और वडोदरा मंडल के 70 किलोमीटर सहित 224 रूट किलोमीटर पर कवच लागू हो चुका है। भोपाल में काम शुरुआती चरण में है। रेलवे का लक्ष्य 2028 तक प्रमुख मार्गों पर कवच लागू करना है। उत्तर रेलवे के 1478 रूट किलोमीटर को भी मंजूरी मिली है।
कवच भारतीय रेलवे की स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) प्रणाली है। यह ट्रेन की गति, लोकेशन और सिग्नल पर नजर रखती है। लाल सिग्नल पार करने या ओवरस्पीडिंग पर लोको पायलट को चेतावनी देती है और कार्रवाई नहीं होने पर खुद ब्रेक लगाती है। यह ट्रेनों की टक्कर रोकने और कोहरे में सिग्नल की जानकारी देने में भी मददगार है।
यह भी पढ़ें- शहडोल में शराब के नशे में रातभर तालाब किनारे बैठ ठंड से कांपता रहा, सुबह अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
भोपाल, इटारसी, बीना और खंडवा जैसे व्यस्त रेलखंडों पर कवच प्रणाली लागू होने से ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। खासकर लाल सिग्नल पार करने, ओवरस्पीडिंग और कवच से लैस ट्रेनों के बीच टक्कर जैसी स्थितियों में दुर्घटना की आशंका कम हो सकेगी। - डॉ. मधुर वर्मा, सीपीआरओ, जबलपुर