नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में एक महिला से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर लाखों रुपये की आनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने खुद को विदेशी नागरिक बताकर भारत आने के बहाने वीजा और पासपोर्ट के नाम पर महिला से 1.73 लाख रुपये ऐंठ लिए। साइबर सेल की जांच के बाद पिपलानी पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
पुलिस के अनुसार कल्पना नगर निवासी 32 वर्षीय पीड़िता की 11 फरवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई। आरोपित ने धीरे-धीरे महिला को अपने झांसे में लिया और भरोसा जीत लिया।
विदेश से आने का झांसा
आरोपित ने खुद को विदेशी बताते हुए कहा कि वह भारत आना चाहता है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसका वीजा और पासपोर्ट नहीं बन पा रहा है। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह भारत आकर डॉलर में रकम वापस कर देगा।
क्यूआर कोड से ऐंठे रुपये
महिला उसकी बातों में आ गई और 11 से 19 फरवरी के बीच अपने केनरा बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 1,73,204 रुपये आरोपित द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दिए।
रकम मिलते ही संपर्क तोड़ा
पूरी राशि मिलते ही जालसाज ने महिला से संपर्क खत्म कर दिया और अपना प्रोफाइल बंद कर लिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस तरह की ठगी से बचाव
इंटरनेट मीडिया पर अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें
वीजा, पासपोर्ट या बीमारी के नाम पर पैसे मांगने पर सतर्क रहें
बिना जांचे किसी क्यूआर कोड पर भुगतान न करें
फर्जी प्रोफाइल की जानकारी को जांचें
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत करें
यह भी पढ़ें- एम्स भोपाल में फेफड़ा प्रत्यारोपण की तैयारी अंतिम चरण में, मुंबई और चेन्नई के विशेषज्ञों ने दी जटिल सर्जरी की ट्रेनिंग