
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में एक अप्रैल से प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री करवाना महंगा हो जाएगा। जिला पंजीयन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बनाए गए कलेक्टर गाइडलाइन के प्रस्ताव को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने गुरुवार को हरी झंडी दे दी है। इस पर विभाग ने जिले के दो हजार 177 स्थानों में से 740 स्थानों पर करीब 12 प्रतिशत औसत वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर बोर्ड को भेजा था।
प्रॉपर्टी की नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी, जिनके तहत लोगों को मकान, प्लॉट, जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए अधिक पंजीयन शुल्क जमा करना होगा, जिसका सीध असर आमजन के बजट पर होगा।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर गाइडलाइन के प्रस्ताव पर आए 63 दावे-आपत्तियों पर जिला मूल्यांकन समिति ने चर्चा करने के बाद 34 सुझाव को आंशिक रूप से मान्य, चार को मान्य और 22 सुझाव को अमान्य करते केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेज दिया गया था, जिसे बोर्ड ने गुरुवार को पास करते हुए दरों में वृद्धि कर दी है।
ऐसे में अब शहर में 740 स्थानों पर प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो गया है। इनमें निर्मल सिटी, निशातपुरा रोड, मुर्गी बाजार, समर ग्रीन में 181 प्रतिशत तक प्रॉपर्टी की दरों में वृद्धि हुई है।
तो वहीं यशोदा नगर, भोपाल टाकीज से सेफिया रोड, मालीपुरा, माया विहार, पाल विहार, रेत घाट से वीआईपी रोड, कबाड़खाना, गौतम नगर, पंचशील नगर, न्यू मार्केट, रोशनपुरा, सेवनिया गौंड, चौकी बरखेड़ी, एयरोसिटी परिसर, बेहटा, दामखेड़ा, कोलार रोड, बंजारी, अकबरपुर, बावड़ियाकलां, मिसरोद, एयरपोर्ट, अयोध्या बायपास इलाके में प्रापर्टी पांच से 100 प्रतिशत तक महंगी हो गई है। बता दें कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिला मूल्यांकन समिति ने एक हजार 312 स्थानों पर औसत 11 प्रतिशत प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी की गई थी।
इनमें सुल्तानिया रोड, गांधीनगर, दानिश हिल्स, मैकेनिकल मार्केट, नयापुरा, जहांगीराबाद, कोलार, नर्मदापुरम रोड सहित अनेक इलाके शामिल थे। हाउसिंग प्रोजेक्ट 13 से 57 प्रतिशत तक महंगे शहर के नगर निगम क्षेत्र में ही दस से ज्यादा हाउसिंग प्रोजेक्ट में 13 से लेकर 57 फीसद तक बढ़ोतरी की है, जबकि बीडीए के प्रोजेक्ट में छह से पंद्रह प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गांधी हाउसिंग सोसाइटी में की है, यहां पर आवासीय प्लॉट के दाम 16,800 रुपये प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 26400 रुपये कर दिए गए हैं। इसी तरह गांधी मेडिकल आदर्श नगर में भी 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। जिससे इन जगहों पर मकान खरीदना महंगा हो गया है, इसके साथ रजिस्ट्री कराने के लिए भी अधिक राशि खर्च करना पड़ेगी।
यह भी पढ़ें- MP में एक अप्रैल से महंगा हो जाएगा मकान-जमीन खरीदना, औसत 16 प्रतिशत कलेक्टर गाइडलाइन दर बढ़ाने का लिया फैसला
नवरात्र के शुभ दिनों में लोगों ने जमकर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां करवाई हैं। अब तक आठ दिनों में पांच हजार 356 रजिस्ट्रियां हुई हैं, जिनसे पंजीयन विभाग को 119 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। वहीं नवरात्र के महाष्टमी शुभ मुहूर्त में गुरुवार को पंजीयन कार्यालयों में भीड़ रही, जिससे सुबह 10 से देर रात साढ़े आठ बजे तक करीब 957 रिकॉर्ड रजिस्टियों के साथ ही 22 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। रामनवमी पर भी पंजीयन कार्यालयों में काम जारी रहेगा, जिससे रिकॉर्ड रजिस्ट्री होने की उम्मीद है।