भोपाल: काम पर गई मां तो पीछे से 6 साल की बेटी को ले भागा प्रेमी, पुलिस ने चलती ट्रेन से पकड़ा
बजरिया थाना क्षेत्र में एक महिला के लिवइन पार्टनर ने उसकी छह वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया। आरोपित बच्ची को लेकर घर से भाग गया और ट्रेन से उत्तर प्रदेश ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 09:37:01 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 09:37:01 PM (IST)
HighLights
- बच्ची को लेकर भागा लिवइन पार्टनर
- चलती ट्रेन से पुलिस ने पकड़ा
- झांसी जीआरपी की मदद से दबोचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बजरिया थाना क्षेत्र में एक महिला के लिवइन पार्टनर ने उसकी छह वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया। आरोपित बच्ची को लेकर घर से भाग गया और ट्रेन से उत्तर प्रदेश जा पहुंचा। सूचना मिलते ही बजरिया पुलिस सक्रिय हो गई और जीआरपी उत्तर प्रदेश की सहायता से आरोपित को चलती ट्रेन में ही पकड़ लिया।
काम पर गई थी मां, पीछे से ले भागा मासूम को
थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि पीड़िता की मां घरों में काम करती है, करीब दो साल पहले उसने पति को छोड़ दिया था और अपने दो बच्चों के साथ शंकर राजपूत नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में थी। मंगलवार सुबह महिला काम पर चली गई और बच्चों को आरोपित के हवाले छोड़ गई। दोपहर में मौका पाकर आरोपित छह वर्षीय बच्ची को लेकर घर से निकल गया। कुछ देर बाद जब महिला का बेटा बाथरूम से बाहर आया तो बहन और आरोपित दोनों गायब थे। पड़ोसियों ने बताया कि बच्ची शंकर राजपूत के साथ गई है।
लोकेशन ट्रैक कर झांसी जीआरपी की मदद से दबोचा
शाम को घर लौटी महिला ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपित के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि वह ट्रेन से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। जानकारी मिलने पर झांसी जीआरपी से संपर्क किया गया। रात करीब ढाई बजे गोरखपुर एक्सप्रेस में सवार आरोपित को पकड़ लिया गया और बच्ची को सुरक्षित उतार लिया गया।
पूछताछ के लिए भोपाल लाएगी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आरोपित के सीतापुर निवासी होने की जानकारी मिली है। पुलिस आरोपित को भोपाल लाकर पूछताछ करेगी, जिससे अपहरण का कारण सामने आ सकेगा। वर्तमान में बच्ची सुरक्षित है और पुलिस की निगरानी में है।