पुडुचेरी में U-13 नेशनल चेस में माधवेन्द्र का दबदबा, 11 राउंड में नौ जीत और दो ड्रॉ के साथ जीता खिताब
मध्य प्रदेश के 13 वर्षीय एफएम माधवेन्द्र प्रताप शर्मा ने राष्ट्रीय अंडर-13 शतरंज चैंपियनशिप जीती। उन्होंने 11 राउंड में नौ जीत और दो ड्रा से 10 अंक बन...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 10:32:12 AM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 10:32:12 AM (IST)
पुडुचेरी में U-13 नेशनल चेस में माधवेन्द्र का दबदबा। (नईदुनिया)HighLights
- माधवेन्द्र ने राष्ट्रीय अंडर-13 चैंपियनशिप का खिताब जीता।
- उन्होंने 11 राउंड में नौ जीत और दो ड्रा किए।
- पूरे टूर्नामेंट में माधवेन्द्र को एक भी हार नहीं मिली।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के उभरते शतरंज खिलाड़ी फिडे मास्टर (एफएम) माधवेन्द्र प्रताप शर्मा ने 39वीं राष्ट्रीय अंडर-13 ओपन शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। पुडुचेरी में तीन से नौ सितंबर तक आयोजित चैंपियनशिप में माधवेन्द्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 राउंड में नौ जीत और दो ड्रा के साथ 10 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि पूरे टूर्नामेंट में उन्हें एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा। पुडुचेरी शतरंज संघ द्वारा अमलोरपवम हायर सेकेंडरी स्कूल, वनारापेट में आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर के युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
स्विस लीग प्रणाली में खेले गए मुकाबलों में माधवेन्द्र ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंतिम राउंड तक अपनी स्थिति मजबूत रखी। उनका प्रदर्शन इतना प्रभावी रहा कि उन्होंने 2396 की परफारमेंस रेटिंग हासिल की। इससे उनकी लाइव रेटिंग अब 2400 अंक के करीब पहुंच गई है। खिताबी दौड़ में महाराष्ट्र के अविरत चौहान 9.5 अंक के साथ दूसरे और तेलंगाना के अद्विक रेड्डी मोटे नौ अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। माधवेन्द्र ने दोनों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए आधे अंक की बढ़त के साथ खिताब अपने नाम किया।
एशियन और राष्ट्रीय स्तर पर भी चमके
- 13 वर्षीय माधवेन्द्र इससे पहले अंडर-10 और अंडर-12 वर्ग में एशियन और राष्ट्रीय स्तर पर खिताब जीत चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें हाल ही में फिडे मास्टर (एफएम) की उपाधि भी मिली है। अब उनकी नजर इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) बनने पर है। बढ़ती रेटिंग और लगातार मिल रही सफलता के बीच माधवेन्द्र मध्य प्रदेश के सबसे कम उम्र के आईएम बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
- मध्य प्रदेश के शतरंज में फिलहाल आयुष शर्मा और अनुज श्रीवात्री इंटरनेशनल मास्टर हैं। दोनों खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में माधवेन्द्र की राष्ट्रीय अंडर-13 चैंपियनशिप की यह उपलब्धि प्रदेश के शतरंज के लिए भी बड़ी उम्मीद के रूप में देखी जा रही है।
टॉप-15 में स्थान
- माधवेन्द्र प्रताप शर्मा (एफएम), मध्य प्रदेश – 10 अंक
- अविरत चौहान, महाराष्ट्र – 9.5 अंक
- अद्विक रेड्डी मोटे, तेलंगाना – 9 अंक
- दिविथ रेड्डी अदुल्ला (सीएम), तेलंगाना – 8.5 अंक
- ईशान भंसाली, कर्नाटक – 8.5 अंक
- अभिनव आनंद, कर्नाटक – 8.5 अंक
- जोशी आदित्य श्रीपाद, महाराष्ट्र – 8.5 अंक
- दानिश एस.वी., तमिलनाडु – 8.5 अंक
- मेहुल सोंधी, दिल्ली – 8.5 अंक
- राहुल रामकृष्णन, पुडुचेरी – 8 अंक
- डेनियल अजीश, केरल – 8 अंक
- धार्श एम., तमिलनाडु – 8 अंक
- अर्णव गोयल, हरियाणा – 8 अंक
- वियान समीर मखानी, गुजरात – 8 अंक
- शौर्य जायसवाल, कर्नाटक – 8 अंक