
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल टॉकीज स्थित बड़ा बाग कब्रिस्तान और नरियलखेड़ा की वक्फ संपत्तियों का विवाद अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि अब काजी कैंप इलाके में एक नया मोर्चा खुल गया है। सिंधी कालोनी काजी कैंप क्षेत्र में बनने वाले प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने लामबंदी शुरू कर दी है।
क्षेत्र के दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर मेट्रो स्टेशन के विरोध में बैनर और पोस्टर लटका दिए हैं। इन पोस्टरों पर साफ लिखा है- 'काजी कैंप क्षेत्र में मेट्रो स्टेशन नहीं चाहिए, नहीं चाहिए, हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं, मेट्रो ट्रैक का स्वागत है'।
मेट्रो प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के कार्य में बाधक दुकानों को हटाया जाएगा, सभी लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो स्टेशन बनने से कारोबार ठप नहीं होगा, बल्कि उल्टा और अधिक बढ़ जाएगा।
हालांकि, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। मेट्रो परियोजना के तहत इस रूट से हाल ही में बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाया गया है और आने वाले दिनों में चिन्हित किए गए अन्य अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई होनी है।
मुख्य मार्ग के दोनों ओर वर्तमान में 200 से अधिक दुकानें संचालित हो रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि स्टेशन बनने की सूरत में उनकी दुकानों का अगला हिस्सा तोड़ दिया जाएगा, जिससे दुकानें बेहद छोटी हो जाएंगी और उनका सालों पुराना कारोबार पूरी तरह ठप हो जाएगा।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं। उनका कहना है कि वे मेट्रो ट्रैक बिछाने का स्वागत करते हैं और उससे उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन यहां स्टेशन की कोई आवश्यकता नहीं है।
व्यापारियों का तर्क है कि स्टेशन बनने और वहां से नई सड़क निकलने के कारण क्षेत्र में पार्किंग की समस्या खड़ी हो जाएगी, जिससे ग्राहकों का आना मुश्किल हो जाएगा। दुकानदारों को डर है कि सड़क संकरी होने और स्टेशन की भीड़भाड़ के कारण उनका पारंपरिक व्यापार पूरी तरह प्रभावित होगा, इसीलिए वे मेट्रो स्टेशन के स्थान पर केवल ट्रैक बिछाने की मांग कर रहे हैं।