
शशिकांत तिवारी, नईदुनिया, भोपाल। चार दशक से चली आ रही माओवादी समस्या को समाप्त करने के बाद सरकार ने अब मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए कमर कसी है। इसमें नशीली चीजों के अवैध कारोबार को समाप्त करने का लक्ष्य है। इसके लिए बड़ा प्रहार ड्रग माफिया पर किया जाना है। प्रदेश भर में एक अप्रैल से विशेष अभियान चलेगा। अवैध कारोबार पर प्रहार के लिए सभी जिलों की अलग-अलग कार्ययोजना बनेगी। इसके लिए डीजीपी कैलाश मकवाणा ने छह अप्रैल तक सभी जिला पुलिस अधीक्षकों से प्लान मांगा है। आरोपितों को पकड़ने के लिए खुफिया तंत्र मजबूत किया जाएगा। हॉटस्पॉट्स की जियोटैगिंग की जाएगी। किस हॉटस्पॉट में कितने आरोपित हैं, इसकी मैपिंग की जाएगी, जिससे कार्रवाई आसान हो सके।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती यह है कि एमडी ड्रग्स, गांजा, डोडा चूरा आदि नशीली वस्तुओं का राजस्थान, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों तक नेटवर्क है। ऐसे में नशीली चीजों का अवैध कारोबार समाप्त करने के लिए वहां की पुलिस से भी मदद ली जाएगी। बता दें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने माओवादी समस्या की तरह देश को नशामुक्त बनाने के लिए सभी राज्यों को लक्ष्य दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाने के लिए कहा था। अब पुलिस ने इसकी तैयारी कर ली है। पुलिस मुख्यालय की नारकोटिक्स शाखा ने अपनी कार्ययोजना बनाई है।
डीजीपी ने सोमवार को सभी जोनल एडीजी, आईजी, इंदौर व भोपाल के पुलिस आयुक्त और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि छोटे आरोपितों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि ड्रग्स नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर उसे पूरी तरह ध्वस्त करना आवश्यक है। बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में एमडी ड्रग्स बनाने और दूसरे राज्यों में सप्लाई करने के कई मामले पकड़े जा चुके हैं। भोपाल में बंद फैक्ट्री में एमडी ड्रग्स बनाने का कारखाना गुजरात की पुलिस ने पकड़ा था। पिछले वर्ष भोपाल में पकड़े गए लव जिहाद के आरोपितों का भी एमडी ड्रग के अवैध कारोबार में हाथ होने के आरोप लगे थे। सोमवार को रतलाम पुलिस ने पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रहे एमडी ड्रग के कारखाने को पकड़ा। यहां से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स, बनाने की सामग्री और ब्राउन शुगर सहित आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की रणनीति के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
यह भी पढ़ें- लाइव मौत का वीडियो... नवरात्रि विसर्जन में 'काली' बनकर नाच रहा था युवक, अचानक हार्ट अटैक से गई जान