
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने सत्र 2026-27 से कक्षा नौवीं से 12वीं तक की वार्षिक परीक्षाओं के प्रश्न-पत्रों का पैटर्न बदल दिया है। इसके बावजूद प्रदेश के सरकारी स्कूलों में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पुराने पैटर्न पर ही ली जा रही हैं।
18 नवंबर को 11वीं-12वीं की परीक्षा में पुराने पैटर्न के प्रश्न पूछे गए थे। इसके बाद सोमवार को नौवीं का अंग्रेजी, दसवीं का गणित, 11वीं का रसायनशास्त्र, इतिहास, लेखाशास्त्र और 12वीं का अंग्रेजी का पेपर भी पुराने पैटर्न पर पूछा गया है। ऐसे में विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा के लिए नए पैटर्न की तैयारी करने के बजाय पुराने पैटर्न पर परीक्षा दे रहे हैं।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र इस बार राज्य ओपन बोर्ड ने तैयार किए हैं। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने राज्य ओपन बोर्ड को प्रश्न-पत्र तैयार करने का पैटर्न उपलब्ध कराया होगा। परीक्षा में करीब 30 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं और प्रत्येक विद्यार्थी से प्रश्न-पत्र के लिए 65 रुपये शुल्क लिया गया है।
डीपीआई ने 24 सितंबर को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया था कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र माशिमं की अंक योजना और शैक्षणिक कैलेंडर के आधार पर तैयार किए जाएंगे। इसके बावजूद प्रश्न-पत्रों में माशिमं के नए पैटर्न को लागू नहीं किया गया। डीपीआई के अधिकारियों का कहना है कि मंडल का आदेश बाद में आया, जबकि प्रश्न-पत्र पहले तैयार किए गए। हालांकि इससे विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रश्नों की प्रैक्टिस हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- MP में स्वास्थ्य बजट की पोल खुली, सरकारी खर्च ₹2033, तो मरीजों की जेब से जा रहे ₹1947, मिला 27वां स्थान
माशिमं की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। इनमें 18 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार मुख्य विषयों के प्रश्न-पत्रों में दो अंक वाले अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया गया है। पहले करीब 12 प्रश्नों में विद्यार्थियों को आंतरिक विकल्प मिलता था। अब दो अंक के प्रश्नों में यह सुविधा नहीं होगी।
हालांकि तीन अंक के लघुउत्तरीय और चार अंक के दीर्घउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प पहले की तरह रहेगा। एनएसक्यूएफ विषयों में पांच और सात अंक वाले प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा शुरू की गई है। ये बदलाव सत्र 2026-27 की वार्षिक परीक्षाओं से लागू होने हैं। ऐसे में अर्द्धवार्षिक परीक्षा में भी विद्यार्थियों को नए पैटर्न की प्रैक्टिस कराई जानी थी, लेकिन विभाग की लेटलतीफी के कारण ऐसा नहीं हो सका।