
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत संविधान दिवस, 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च अब जबलपुर में होगा। पार्टी ने भोपाल में लगातार हो रहे कार्यक्रमों को देखते हुए स्थान बदलने का निर्णय लिया है। मार्च में प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम से वोट रक्षक अभियान की शुरुआत भी होगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सभी राज्यों को 26 नवंबर को अपनी राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकालने के निर्देश दिए थे। भोपाल में इसकी तैयारियां शुरू हो गई थीं। कार्यक्रम को जबलपुर ले जाने के पीछे यह भी बताया जा रहा है कि राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को जबलपुर में आयोजित करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन वह इंदौर में हुआ। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव संजय कामले ने कार्यक्रम स्थल बदलने की पुष्टि की है।
भोपाल में पुलिस ने निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत धरना, प्रदर्शन, सभा, जुलूस, रैली, पदयात्रा या रथयात्रा आयोजित करने से पहले पुलिस की अनुमति लेना जरूरी है। यह आदेश 16 नवंबर को जारी हुआ था। उसी दिन कांग्रेस ने 26 नवंबर को भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालने की घोषणा की थी।
यह भी पढ़ें- सिवनी के निलंबित ASP और SDOP भोपाल अटैच, 5 को जबलपुर बुलाया, गांजा कांड में जांच पर उठ रहे सवाल