
राज्य ब्यूरो, नईद़ुनिया, भोपाल। साल 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में सरकारी पदों पर भर्ती का अभियान चलेगा। अगले दो साल में दो लाख पदों पर भर्ती की तैयारी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा है कि वे इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाएं। इसमें इस बात का ध्यान रखा जाए कि चयन प्रक्रिया अक्टूबर, 2028 तक पूरी हो जाए।
प्रदेश में पौने दो करोड़ मतदाता 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के हैं। रोजगार कार्यालयों में 33 लाख से अधिक युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीयन करवाया हुआ है। कांग्रेस इस संख्या को आधार बनाकर सरकार पर बेरोजगारों की सुध न लेने का आरोप लगाती है। इसे लेकर निवेश के दावों पर भी सवाल उठाए जाते हैं।
उधर, सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है। इसमें युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्तियां होंगी। आगामी लक्ष्य दो लाख पदों पर भर्ती का है। इसमें रिक्त के साथ-साथ नए पद भी शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) और कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) से कराई जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों से कहा है कि वे 2028 में रिक्त होने वाले पदों की गणना करके कार्य योजना तैयार कर फरवरी 2027 तक प्रस्ताव पर वित्त विभाग से अनुमति ले लें। विभागों द्वारा बताया गया है कि पीएससी को 6,588 और ईएसबी को 17,299 पद पर भर्ती के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग से कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया की विभागों के साथ बैठक करके तैयारी कर ली जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही भर्ती, पदोन्नति सहित कर्मचारियों से जुड़े सभी मामलों को लेकर बैठक करेंगे।
यह भी पढ़ें- देवास के युवक का अकाउंट हैक कर भेजा था मेल, दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट बम धमकी केस में खुलासा