
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार केरल के वायनाड जिले में स्थित बानाची एस्टेट और मुंबई का एडवर्ड विला को बेचने की तैयारी में है। 224 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली बानाची एस्टेट के लिए सलाहकार फर्म ने भूमि की कीमत 280 करोड़ रुपये आंकी है। वहीं, एडवर्ड विला के लिए सलाहकार नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।
वित्त विभाग के अंतर्गत आने वाली प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड (पीआइसीएल) द्वारा एजेंसी तय करने के लिए गत नौ अक्टूबर को विज्ञप्ति निकाली गई थी। 30 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए थे लेकिन किसी ने रुचि नहीं दिखाई। अब फिर प्रयास किया जाएगा। विभाग के अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी का कहना है कि कैबिनेट के निर्णय के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है और अभी अंतिम स्थिति नहीं आई है।
राज्य सरकार ने प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड (पीआइसीएल) को बानाची एस्टेट और एडवर्ड विला की संपत्ति का मूल्यांकन कराने से लेकर बेचने की प्रक्रिया करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने का जिम्मा सौंपा है।
मुंबई के कोलाबा स्थित एडवर्ड विला का उपयोग वर्तमान में अतिथि गृह के रूप में हो रहा है। वहीं, केरल के वायनाड जिले के सुल्तान बाथरी स्थित बानाची एस्टेट को बेचने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है।
यह भी पढ़ें- MP Cabinet: 40,500 घरों को मिलेगी बिजली, खनिज से 30 हजार करोड़ आय का लक्ष्य
224 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली इस भूमि के 64.95 हेक्टेयर हिस्से पर 160 किसान परिवारों के कब्जे हैं। सरकार केरल हाई कोर्ट में भी मामला लेकर गई। न्यायालय ने दोनों राज्यों को आपसी सहमति से मामला सुलझाने के लिए कहा।
बता दें कि 17 मार्च 2026 को कैबिनेट की बैठक में संपत्ति बेचने का मामला रखा गया। इसमें मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मंत्रियों को बताया कि वहां अतिक्रमण हो रहा है और राज्य को कोई आय भी नहीं हो रही है। संपत्ति बेचने से पहले स्वतंत्र मूल्यांकन कराया जाएगा, इस आधार पर वित्त विभाग की प्रक्रिया चल रही है।