'भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी', कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह ने फिर से मांगी माफी
MP News: मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के लिए पिछले कुछ दिन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहे। भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Feb 2026 02:54:49 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Feb 2026 02:56:03 PM (IST)
कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह ने फिर से मांगी माफीHighLights
- कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह ने फिर से मांगी माफी
- विजय शाह मीडिया के सामने आए, तो उनके चेहरे पर आत्मग्लानि का भाव था
- भविष्य में वाणी पर नियंत्रण रहेगा और ऐसी गलती नहीं होगी- विजय शाह
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के लिए पिछले कुछ दिन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहे। भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए उनके एक अपमानजनक बयान ने न केवल सेना के गौरव को ठेस पहुंचाई, बल्कि पूरे देश में एक वैचारिक आक्रोश भी पैदा कर दिया।
शुक्रवार की शाम जब विजय शाह मीडिया के सामने आए, तो उनके चेहरे पर आत्मग्लानि का भाव था। उन्होंने किसी राजनीतिक दांव-पेंच के बजाय सीधे तौर पर अपनी गलती स्वीकार की। शाह ने कहा, "मैंने पहले भी कई बार कहा है। आज फिर दोहरा रहा हूं। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था कि किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज के किसी भी वर्ग का अपमान हो। निस्संदेह मेरे शब्द, मेरी भावना के अनुरूप नहीं थे। शब्द देशभक्ति के उत्साह, उत्तेजना और आवेश में निकले थे। गलती के पीछे की भावना को अवश्य देखा जाना चाहिए। आप सब जानते हैं कि मेरी कोई दुर्भावना नहीं थी। मैंने अंतःकरण से क्षमा याचना की है, कई बार की है, आज फिर कर रहा हूं।"
यह भी पढ़ें- महिला के पति को चिढ़ाने उसके फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था प्रेमी, फिर मिली उसकी खून से सनी लाश
उन्होंने आगे कहा, ''यह मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है कि मेरी त्रुटि से ऐसा विवाद उत्पन्न हुआ। मुझे विश्वास है कि मेरी भावना को सही संदर्भ में समझा जाएगा। भारतीय सेना के प्रति मेरे मन में सदैव अत्यंत सम्मान रहा है और रहेगा। सार्वजनिक जीवन में रहते हुए शब्दों की मर्यादा और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। इस घटना से मैंने आत्ममंथन किया है। मैंने सबक लिया है, जिम्मेदारी मानता हूं। भविष्य में वाणी पर नियंत्रण रहेगा और ऐसी गलती नहीं होगी।'' उन्होंने आखिर में कहा, ''एक बार पुनः मैं इस प्रकरण से आहत सभी नागरिकों से विशेषकर भारतीय सेना से बिना किसी शर्त के क्षमा याचना करता हूं।''