नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम गुरुवार को कर्मचारी चयन बोर्ड (ईएसबी) ने जारी कर दिया। 7,500 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा में करीब 9.78 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 6,525 उम्मीदवारों का अंतिम चयन हुआ है।
परीक्षा का पहला चरण 25 जनवरी को घोषित किया गया था, जिसमें 57,985 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के लिए पात्र पाया गया। इसके बाद 23 फरवरी 2026 से 14 मार्च 2026 तक प्रदेश के 10 जिलों में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई।
इस पोस्ट पर चयन
घोषित परिणाम के अनुसार, चयनित 6,525 अभ्यर्थियों में से 5,916 का चयन जिला पुलिस बल के लिए और 609 का चयन विशेष सशस्त्र बल के लिए किया गया है।
ओबीसी वर्ग का दबदबा
रिजल्ट में इस बार ओबीसी वर्ग का दबदबा देखने को मिला। टॉप-10 सूची में सात उम्मीदवार ओबीसी वर्ग से हैं, जबकि सूची में कुल आठ पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा अनारक्षित और अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थियों ने भी स्थान बनाया है।
कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार, पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच राज्य के 11 शहरों, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में आयोजित की गई थी।
परिणाम नॉर्मलाइज्ड पद्धति के आधार पर तैयार
बोर्ड के अनुसार, अंतिम परिणाम नॉर्मलाइज्ड पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें प्रथम और द्वितीय चरण के अंकों को शामिल किया गया है। परिणाम जारी होने के बाद अब ज्वाइनिंग प्रक्रिया शुरू होगी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, मई के अंत तक चयनित अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग पूरी कर ली जाएगी। जो अभ्यर्थी ज्वाइन नहीं करेंगे, उनकी जगह प्रतीक्षा सूची से अन्य उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा।