
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हाईकोर्ट द्वारा पदोन्नति नियमों पर रोक लगाने से इनकार के बाद प्रदेश में पदोन्नति प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में जनजातीय कार्य विभाग में हजारों शिक्षकों को पदोन्नति मिलने वाली है।
विभाग ने उच्च माध्यमिक और माध्यमिक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही 400 उच्च माध्यमिक शिक्षकों और करीब 11 हजार माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।
इसके बाद पदोन्नति आदेश दिए जाएंगे। इस मुद्दे को लेकर जनजातीय कार्य आयुक्त तरुण राठी के साथ ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें लंबित पदोन्नति, वरिष्ठता सूची, सीआर, ट्राइबल भत्ता और एचआरए पर चर्चा हुई।
विभाग ने प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आश्वासन दिया है। उधर, सहकारिता विभाग ने पदोन्नति नियम-2025 के तहत 15 संवर्गों के 613 अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति दी है।
इसमें प्रथम श्रेणी के 41, द्वितीय के 84, तृतीय के 486 और चतुर्थ श्रेणी के 2 कर्मचारी शामिल हैं। प्रमुख रूप से 22 संयुक्त आयुक्त, 19 उप आयुक्त, 13 सहायक आयुक्त, 71 अंकेक्षण अधिकारी, 196 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक और 106 सहकारी निरीक्षक प्रमोट हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और विभागीय कामकाज में गति आएगी।