
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव का एलान (MP Bypoll 2026) हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी 22 अक्टूबर, गुरुवार को दी। आयोग की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद 14 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट रिक्त हुई थी।
इस सीट पर उपचुनाव के लिए प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। बता दें डॉ. एल. मुरुगन, केंद्र में भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए सरकार में केंद्रीय मंत्री भी थे।
चुनाव आयोग के मुताबिक इस सीट पर उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर, नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर तय की गई है।
इस सीट पर 12 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना, यदि जरूरी हुई तो उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस सीट पर निर्वाचित होने वाले सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा।
Election Commission of India (ECI) announces the schedule for the by-election to the Council of States (Rajya Sabha) from Madhya Pradesh to fill the vacancy created by the resignation of Dr. L. Murugan. According to the schedule, notifications will be issued on 26th October, 2026, with voting and counting of votes scheduled to take place on 12th November, 2026.
— ANI (@ANI) October 22, 2026
राज्यसभा उपचुनाव के लिहाज से समीकरणों की बात करें तो मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी के पास 164, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 65 और भारत आदिवासी पार्टी के एक विधायक हैं। ऐसे में इस सीट पर बीजेपी का पलड़ा भारी माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।