
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2) और प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) भर्ती-2025 में पदवृद्धि की मांग को लेकर चयनित अभ्यर्थियों का भोपाल के नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि खुले में रात बिताने के दौरान मच्छर और सांप-बिच्छू का डर बना रहता है। कुछ महिला अभ्यर्थी छोटे बच्चों के साथ धरना स्थल पर रात भी गुजार रही हैं। अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने शुक्रवार रात 12 बजे से भूख हड़ताल शुरू कर दी। उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पदवृद्धि की मांग को लेकर नवंबर 2025 से अलग-अलग चरणों में आंदोलन किए जा रहे हैं। जनवरी से जुलाई तक भोपाल में प्रदर्शन, धरना और भूख हड़ताल के जरिये सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया। अब दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है।
उनकी मांग है कि वर्ग-3 में कुल 25 हजार पद किए जाएं और रिक्त पदों को शामिल करते हुए दूसरी काउंसलिंग कराई जाए। वहीं वर्ग-2 में प्रत्येक विषय में करीब तीन हजार पद बढ़ाने की मांग है। उनका कहना है कि पद बढ़ने से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का अवसर मिलेगा।