MP Weather Update: इंदौर-उज्जैन में गर्म रातों से लोग बेहाल, भोपाल, विदिशा, रायसेन सहित 32 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। दिन के साथ रात में भी तापमान अधिक रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने भोपाल, विद ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 15 May 2026 07:57:13 AM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 07:57:13 AM (IST)
भोपाल, विदिशा, रायसेन सहित 32 जिलों में हीट वेव का अलर्टHighLights
- छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म
- इंदौर-उज्जैन में गर्म रातों से लोग बेहाल
- 32 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। दिन के साथ रात में भी तापमान अधिक रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर में लगातार दूसरे दिन रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को इंदौर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक था। वहीं उज्जैन में रात का तापमान 29.2 डिग्री और नर्मदापुरम में 29.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इन शहरों में गर्म रात का असर देखा गया। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन का तापमान 41.8 से 44.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि पूर्वी क्षेत्रों में तापमान 42 से 44.8 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
विदिशा, सागर में चली धूल भरी आंधी
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जबलपुर में 0.2 मिमी और सिवनी में 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गुरुवार शाम को अशोकनगर में बादल गरजे और चमके। विदिशा, सागर, छिंदवाड़ा और सिवनी में धूल भरी आंधी चली।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जिससे मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम केंद्र ने शुक्रवार के लिए भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर समेत 32 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं इंदौर, उज्जैन, धार, रतलाम और देवास में गर्म रात की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान दो से तीन डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 43.4 -- 28.9
इंदौर -- 43.0 -- 30.0
ग्वालियर -- 41.8 -- 26.6
जबलपुर -- 43.3 -- 29.5
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में