_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल/इंदौर: प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी (Heatwaves) की चपेट में है। दिन में तेज धूप जहां जमीन को भट्टी की तरह तपा रही है, वहीं रात में भी गर्म हवाएं बेचैन कर रही हैं। शहर में गर्मी ने अब अपने तेवर तेज कर दिए हैं।

सूरज की तीखी तपिश के कारण तापमान (MP Weather Update) में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिनभर चली गर्म हवाओं ने लोगों को लू जैसा अहसास कराया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र (Aaj Ka Mausam) के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। वहीं छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पांढुर्णा और बालाघाट में लू चलने के आसार हैं।
रविवार को इंदौर में इस वजह से हुई वर्षा: चक्रवाती हवाओं का घेरा दक्षिणी मप्र पर बना हुआ था। तापमान बढ़ने से नमी मिलने के कारण मौसम संबंधित स्थानीय गतिविधियों के कारण बादल बने और वर्षा हुई।
मध्यप्रदेश से विदर्भ होते हुए कनार्टक तक एक द्रोणिका जा रही है। उसके प्रभाव से स्थानीय सिस्टम बनने से इन इलाकों में वर्षा हुई।
सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने लू का रूप ले लिया। रीयल फील तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस किया गया। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और व्यस्त बाजारों में भी सन्नाटा नजर आया। पिछले वर्षों में अप्रैल माह में प्रदेश में खंडवा, खरगोन, ग्वालियर, दतिया और छतरपुर ज्यादा गर्म हुआ करते थे।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के असर से अगले 24 घंटों में मौसम बदल सकता है। ग्वालियर सहित दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुरकलां, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
वर्तमान में पश्चिमी हवाओं के बीच एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। उत्तर हरियाणा से लेकर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक भी ऐसा ही प्रभाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में नमी बढ़ रही है, जिससे मौसम में बदलाव की स्थिति बन रही है।
| शहर का नाम | तापमान (°C) |
|---|---|
| खजुराहो | 46 |
| नौगांव | 45.5 |
| श्योपुर | 44.8 |
| दतिया | 44.7 |
| टीकमगढ़ | 44.5 |
| रीवा / सतना / सीधी | 44.4 |
| गुना / रायसेन / रतलाम / दमोह / मंडला | 44 |