
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के जिलों में आज हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में बादल छंटने से दिन का तापमान बढ़ा है, लेकिन अगले दो दिनों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
शनिवार को नर्मदापुरम में सबसे अधिक 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि खंडवा में रात का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि वातावरण में नमी कम होने के बावजूद अरब सागर में बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र से उठी नमी के कारण सोमवार को कुछ जिलों में बारिश संभव है।
इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक, अरब सागर से आ रही नमी के असर से इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग में आज शाम तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं भोपाल, ग्वालियर और सागर संभागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कोई सक्रिय प्रणाली नहीं
मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि फिलहाल प्रदेश के ऊपर कोई सक्रिय प्रणाली नहीं है, लेकिन 3 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर दिखाई दे सकता है।