
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। राजधानी में अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निरामय अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मनीष शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन कर अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों के सत्यापन के बाद सीएमएचओ के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने मौके पर ही अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी। मनीष शर्मा ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले में नियमानुसार अस्पताल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग अब संबंधित आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर करेगा।उन्होंने कहा कि जिले में अवैध लिंग परीक्षण और कन्या भ्रूण हत्या के मामलों में स्वास्थ्य विभाग जीरो टालरेंस नीति पर काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद शहर के निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में हड़कंप की स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का उल्लंघन करने वाले किसी भी अस्पताल या सेंटर के खिलाफ इसी तरह कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।