
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अमेरिका-ईरान तनाव के बाद एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़ने के साथ-साथ नए घरेलू गैस कनेक्शन पर भी रोक लग गई है। राजधानी में घरेलू एलपीजी कनेक्शन के लिए पिछले तीन महीने से इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
आयल कंपनियों ने नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल बंद कर दिया है। इसका असर भोपाल में सबसे अधिक देखने को मिल रहा है, जहां करीब आठ हजार नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। जानकारी के अनुसार नए कनेक्शन बंद होने से सबसे ज्यादा छात्र और किराए के मकानों में रहने वाले लोग प्रभावित हुए हैं।
एक उपभोक्ता ने बताया कि पहले ब्लैक में घरेलू गैस सिलिंडर एक हजार से डेढ़ हजार रुपये में मिल जाता था, लेकिन अब इसके लिए ढाई से तीन हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। नए कनेक्शन के लिए कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, नया कनेक्शन लेना हुआ आसान, घर बैठे मिले 6.11 लाख से अधिक कनेक्शन
स्थिति को देखते हुए आयल कंपनियों ने 14 किलोग्राम के घरेलू सिलिंडर के विकल्प के रूप में पांच किलोग्राम क्षमता वाले सिलिंडर उपलब्ध कराए। भोपाल की 41 गैस एजेंसियों को छह हजार छोटे सिलिंडर भेजे गए, जिनमें से करीब साढ़े चार हजार से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
नए कनेक्शन शुरू करने को लेकर ऑयल कंपनियों से लगातार चर्चा चल रही है। युद्धविराम की घोषणा के बाद उम्मीद है कि अगले महीने से पोर्टल दोबारा शुरू करने और लंबित आवेदनों पर निर्णय लिया जा सकता है। चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक