जनगणना की तैयारी: MP में 2 लाख कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी, जनवरी से मार्च तक ट्रांसफर पर बैन
मध्य प्रदेश में जनगणना के काम को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए जनवरी से मार्च 2027 तक शासकीय कर्मचारियों के तबादले नहीं किए जाएंगे।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 01:02:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 02:31:04 PM (IST)
HighLights
- जनगणना के दौरान जनवरी से मार्च तक नहीं होंगे तबादले
- मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने की समन्वय समिति की बैठक
- जनगणना के काम को ध्यान में रखकर आयोजित होंगी परीक्षाएं
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना जनवरी-फरवरी 2027 में होगी। यह काम दो लाख प्रगणक और पर्यवेक्षक करेंगे। इसके लिए अमले की व्यवस्था शासकीय विभागों से ही की जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए जनवरी से मार्च 2027 तक तबादले नहीं किए जाएंगे।
इसी तरह प्रशासनिक सीमाओं में भी कोई बदलाव नहीं होगा। यह निर्देश मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में दिए। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा गया कि वे जनगणना के काम को ध्यान में रखकर परीक्षा का कार्यक्रम बनाएं।
डिजीटल प्रचार पर फोकस
मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारियों के लिए आईगॉट पर छोटा मॉडूयल बनाकर डाला जाए। महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को स्व-गणना पत्रक भरने के लिए ट्रेंड किया जाए और विभिन्न डिजीटल प्लेटफार्म पर भी स्व-गणना पत्रक भरने के छोटे-छोटे वीडियो अपलोड कर नागरिकों के बीच प्रसारित किए जाएं।
झांकी, रैलियों, कलापथक दलों, लोक कलाकारों, इंटरनेट मीडिया, सिनेमा हॉल, रेडियो, टीवी के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए। निदेशक जनगणना संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल एप के माध्यम से डाटा संकलन किया जाएगा। इस पूरे काम की मॉनिटरिंग एवं मैनेजमेंट वेब पोर्टल के माध्यम से होगी।