नईदुनिया प्रतिनिधि, संत हिरदाराम नगर। बैरागढ़ में किन्नरों के दो गुट नेग वसूली कर रहे हैं। इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूज्य सिंधी पंचायत ने विवाद सुलझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों गुट अपनी बात पर अड़े रहे। अब शहडोल में आयोजित किन्नर सम्मेलन में विवाद सुलझाया जाएगा।
मंगलवार क्षेत्र के कुछ किन्नर बैरागढ़ में नेग ले रहे थे। इससे स्थानीय किन्नर गुरू रम्मो नायक एवं उनके शिष्य नाराज थे। नायक ने पंचायत से मदद मांगी थी। पंचायत ने रम्मो एवं मंगलवारा के सुरैया नायक गुट को एक साथ बिठाकर बैठक की। सुरैया गुट ने कहा कि हमें यहां के कुछ हिस्से में नेग वसूली करने दी जाए लेकिन रम्मो गुट इस पर सहमत नहीं था। रम्मो ने कहा कि वे लंबे समय से बैरागढ़ वासियों के सुख दुख में शामिल होते हैं। दूसरे गुट को यहां आकर हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। दोनों गुट वसूली पर अड़े रहे।
ये भी पढ़ें- धरती पर मचेगी तबाही! 2029 में पृथ्वी के पास से गुजरेगा Asteroid Apophis, घटना पर वैज्ञानिकों की नजर
बैठक में तय किया गया कि 15 जुलाई को शहडोल जिले में आयोजित किन्नर सम्मेलन में आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। तब तक रम्मो नायक गुट ही बैरागढ़ से नेग लेगा। यदि सहमति नहीं बनी तो सिंधी पंचायत को अंतिम निर्णय लेने का अधिकार होगा। बैठक में पंचायत अध्यक्ष माधु चांदवानी, महासचिव नंद दादलानी, नरेश तोलानी, उपाध्यक्ष भरत आसवानी, जगदीश आसवानी, जेठानंद मंगतानी, माधव पारदासानी, बसंत चेलानी, कमल वीधानी, पुरुषोत्तम हरचंदानी, अनिल टेकचंदानी, प्रकाश आसूदानी, सहित अनेक लोग उपस्थित थे।