
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) संजीव शर्मा के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दो दिन बाद लोकायुक्त संगठन ने वन विभाग को पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी भेज दी है। लोकायुक्त द्वारा भेजे गए इस प्रतिवेदन में छापे के दौरान बरामद हुई चल-अचल संपत्ति और अन्य दस्तावेजों का विस्तृत विवरण दिया गया है।
लोकायुक्त संगठन से मिली आधिकारिक जानकारी और संपत्ति के ब्योरे के आधार पर अब वन विभाग प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी में है। विभाग द्वारा एसडीओ संजीव शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर इस पूरे मामले में जवाब तलब किया जा सकता है।
दूसरी ओर, लोकायुक्त पुलिस भी अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए एक-दो दिनों के भीतर संजीव शर्मा से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। इस दौरान छापेमारी में जब्त किए गए महत्वपूर्ण दस्तावेजों और संपत्ति के स्रोतों के संबंध में शर्मा के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही, कार्रवाई के दौरान बरामद हुई ज्वेलरी का आधिकारिक मूल्यांकन भी कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में डॉक्टरों से नर्सिंग स्टाफ तक को मिलेंगे टैबलेट, अस्पतालों को पेपरलेस होने में 6 महीने की देरी
गौरतलब है कि दो दिन पहले हुई लोकायुक्त की इस बड़ी छापेमारी में एसडीओ संजीव शर्मा के पास से कुल सात करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ था। बरामद की गई इस भारी-भरकम संपत्ति में साढ़े तीन किलो सोना भी शामिल है।