भोपाल में VIP रोड पर आधी रात मची 'तेल लूट': टैंकर पलटा तो बाल्टी-कड़ाही लेकर सड़क की ओर दौड़े लोग
भोपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर रात करीब 2:30 बजे हादसा हुआ।टैंकर पलटने के बाद बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर बहा, जिसे भरने के लिए लोग कैन-...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 11:25:36 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 11:25:36 PM (IST)
भोपाल वीआईपी रोड पर टैंकर को पुलिस ने हटाया। हादसे के बाद तेल लूटने के लिए लोग कुप्पी और कैन लेकर दौड़ पड़े। सौ- सोशल मीडियाHighLights
- भोपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर रात करीब 2:30 बजे हादसा हुआ
- टैंकर पलटने के बाद बड़ी मात्रा में सोयाबीन का तेल सड़क पर बहा, लोग लूटने दौड़ पड़े
- ड्राइवर- क्लीनर को मामूली चोट, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात संभाला
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। शहर के वीआइपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर मंगलवार-बुधवार की रात सोयाबीन तेल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद पलट गया। टैंकर से बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया।
तेल बहने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कैन, डिब्बे व दूसरे बर्तन लेकर सड़क पर फैला तेल भरते नजर आए। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर को मामूली चोटें आई हैं।
टायर फटने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार टैंकर रेत घाट से लालघाटी की ओर जा रहा था। रात करीब 2:30 बजे कोहेफिजा चौराहे के पास अचानक टायर फट गया।
चालक ने टैंकर को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा सोयाबीन तेल सड़क पर बहने लगा। इससे कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।
डिब्बे और कैन लेकर दौड़े लोग
सड़क पर तेल फैला देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। कई लोग घरों से डिब्बे और कैन लेकर आए और सड़क पर फैला तेल भरते दिखाई दिए। हादसे की सूचना पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्थित कराया।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। टैंकर में कितना तेल था और कितना तेल सड़क पर फैला, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।