मानसून बना बाधा: भोपाल एयरपोर्ट पर पैरेलल टैक्सी-वे का काम 5 महीने तक खिंचा; उड़ानों के होल्ड होने की समस्या अभी रहेगी बरकरार
राजा भोज एयरपोर्ट पर समानांतर टैक्सी वे का निर्माण कार्य पूरा होने में चार से पांच माह का विलंब हो सकता है। काम पूरा होने के बाद भविष्य में इसका उपयोग...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 24 Jun 2026 12:45:59 PM (IST)Updated Date: Wed, 24 Jun 2026 12:49:46 PM (IST)
एयरपोर्ट रनवे पर सुरक्षा की दृष्टि से नियमित रूप से मार्किंग की जाती है। नईदुनिया।HighLights
- मानसून के कारण राजा भोज एयरपोर्ट के समानांतर टैक्सी-वे निर्माण में 4 से 5 माह की देरी की संभावना
- परियोजना पूरी होने पर विमानों को होल्ड करने की जरूरत कम होगी और एयर ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा
- नए टैक्सी-वे के बाद एयरपोर्ट पर एक साथ 16 विमानों की पार्किंग संभव हो सकेगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन समानांतर टैक्सी-वे का काम मानसून के कारण तय समय से चार से पांच माह तक विलंबित हो सकता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा भविष्य के बढ़ते एयर ट्रैफिक को देखते हुए यह महत्वपूर्ण परियोजना शुरू की गई है, जिसके पूरा होने पर उड़ानों के संचालन में काफी सुविधा मिलेगी।
टैक्सी-वे निर्माण के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हाल ही में पुराने एप्रन का लगभग 100 मीटर हिस्सा हटाया है। इसी क्षेत्र में नया समानांतर ट्रैक विकसित किया जा रहा है। हालांकि बारिश के मौसम में रनवे और निर्माण क्षेत्र में जलभराव की समस्या के कारण कार्य प्रभावित होने की आशंका है, जिससे परियोजना की समय-सीमा आगे बढ़ सकती है।
एयर ट्रैफिक प्रबंधन होगा आसान
वर्तमान में कई बार रनवे या पार्किंग बे व्यस्त होने पर आने वाली उड़ानों को एयरपोर्ट के आसपास होल्डिंग पैटर्न में चक्कर लगाने पड़ते हैं। समानांतर टैक्सी-वे बनने के बाद विमानों को तेजी से रनवे खाली कराने और पार्किंग क्षेत्र तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे देरी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
16 विमान एक साथ हो सकेंगे पार्क
परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट पर एक साथ 16 विमानों की पार्किंग संभव हो सकेगी। भविष्य में एयर ट्रैफिक बढ़ने के साथ इस क्षमता को और बढ़ाने की योजना है। दिल्ली और मुंबई जैसे व्यस्त एयरपोर्ट की तर्ज पर भोपाल एयरपोर्ट भी अधिक कुशल संचालन की दिशा में आगे बढ़ेगा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के महाप्रबंधक रामजी अवस्थी के अनुसार समानांतर टैक्सी-वे का निर्माण एयरपोर्ट विस्तार योजना का अहम हिस्सा है और इसके पूरा होने से विमान संचालन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।